Madhya Pradesh

ग्वालियर: शनिवार से दिन व रात का तापमान बढऩे की संभावना

ग्वालियर, 06 मार्च (Udaipur Kiran) । फरवरी की शुरुआत से ही मौसम में उठा-पटक की स्थिति बनी हुई है। इसी क्रम में उत्तर से आईं ठंडी हवाओं के प्रभाव से पिछले दो दिनाें में रात के तापमान में 6.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम के जानकारों का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे के दौरान मौसम में बदलाव की संभावना नहीं है लेकिन शनिवार से दिन व रात के तापमान में वृद्धि का सिलसिला शुरू हो सकता है।

ग्वालियर में अमूमन फरवरी अंत तक ठंड का असर रहता है लेकिन इस बार फरवरी की शुरुआत से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला। तापमान में उतार-चढ़ाव के चलते मौसम कभी ठंडा तो कभी गर्म नजर आ रहा है। बीते 27 फरवरी को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 215 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के अनुसार इस समय कोई मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है। पिछले तीन दिन से उत्तर से आ रहीं ठंडी हवाओं की वजह से रात में ठंड का असर बढ़ गया है। इसके चलते पिछले दो दिन में न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई लेकिन अगले 24 से 48 घंटे के बाद तापमान में फिर से बढोतरी हो सकती है। इसी बीच नौ मार्च को हिमालय में ताजा पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है जो पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेगा। हालांकि ग्वालियर एवं चंबल संभाग में इसका कोई सीधा प्रभाव नहीं होगा लेकिन हवाओं का रुख बदल जाने से गर्मी का असर बढ़ेगा। होली के बाद गर्मी तेजी से बढऩे की संभावना है।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top