Madhya Pradesh

ग्वालियर: बूंदाबांदी के बाद भी कम नहीं हुई गर्मी, पारा पहुंचा 35.5 डिग्री

ग्वालियर, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । बीते रविवार को दोपहर में अचानक हुई बूंदाबांदी के बाद भी गर्मी में कोई कमी नहीं आई है। सोमवार को भी अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस पर अड़ा रहा। मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर में सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान भी ग्वालियर एवं चंबल संभाग में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।

तेज धूप की वजह से ग्वालियर में पिछले दो दिन से अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस पर था। रविवार को दोपहर तीन बजे के आसपास हुई बंूदाबांदी के बाद आंशिक गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस पर अड़ा रहा। सोमवार को मौसम शुष्क रहने से अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के अनुसार इस समय मध्य पूर्व अरब सागर में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह उत्तर-पश्चिमोत्तर की ओर आगे बढ़ते हुए 23 अक्टूबर को मध्य पूर्व बंगाल की खाड़ी में पहुंचकर चक्रवाती तूफान के रूप में बदल सकता है। इसके अलावा तमिलनाडु तट, उत्तरी कर्नाटक तट से दूर अरब सागर एवं पूर्वी बांग्लोदश में चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय हैं। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी से हवाओं के साथ नमी आ रही है। इसके चलते अगले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर, भिण्ड, मुरैना एवं श्योपुर आदि जिलों में कहीं-कहीं झोंकेदार तेज हवाएं चलते के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top