Madhya Pradesh

ग्वालियर: बादल थमे, उमस बढ़ी, तापमान पहुंचा 34.5 डिग्री पर

-अगले 24 से 48 घंटे में बारिश की संभावना

ग्वालियर, 29 अगस्त (Udaipur Kiran) । पिछले दो दिन से बादल थमे हुए हैं। बादलों का घनत्व कम होने से धूप भी निकल रही है। जिससे वातावरण में उमस फिर से बढऩे लगी है। साथ ही तापमान भी बढऩे लगा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर भरोसा करें तो अगले 24 से 48 घंटे में बारिश का एक और दौर शुरू हो सकता है।

शहर में 24 अगस्त से शुरू हुआ बारिश का क्रम रुक-रुककर 27 अगस्त सुबह तक जारी रहा। इसके बाद से ही बादल थमे हुए हैं। शहर में एक जून से अब तक कुल 786.9 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। पिछले दो दिन से बारिश नहीं होने से उमस भरी गर्मी बढ़ गई है। जिससे तापमान भी बढ़ रहा है।

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के अनुसार गुरुवार को पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो गया है जो अगले 24 घंटे के दौरान तीव्र निम्न दबाव में परिवर्तित हो सकता है। इसके अलावा सौराष्ट्र और कक्ष के ऊपर भी अति तीव्र निम्म दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। सौराष्ट्र से उदयपुर, शिवपुरी, सीधी, अंबिकापुर, पुरी से होकर गुजर रही मानसून रेखा इन दोनों मौसम प्रणालियों को आपस में जोड़ रही है। इन तीनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से शुक्रवार को ग्वालियर एवं चंबल संभाग में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है जबकि शनिवार से मानसून गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top