Madhya Pradesh

ग्वालियर: फिर बढ़ी गर्मी, पारा पहुंचा 40 डिग्री के पार

भीषण गर्मी (प्रतीकात्मक तस्वीर)

-सुबह हुई थी बूंदाबांदी, दिन में सूरज ने बढ़ाई तपन

ग्वालियर, 12 मई (Udaipur Kiran) । बादल और बारिश की वजह से मई माह के प्रारंभिक नौ दिन भीषण गर्मी की दृष्टि से कुछ राहत भरे रहे लेकिन पिछले दो दिन से तापमापी पारा लगातार ऊपर चढ़ रहा है। गुजरे 13 दिन बाद सोमवार को अधिकतम तापमान फिर से 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। इससे पहले 28 अपै्रल को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यानी अब भीषण गर्मी का दौर आने वाला है।

मई की शुरुआत से ही आए दिन बादलों की आवा-जाही बनी हुई है। इस दौरान ग्वालियर एवं चंबल संभाग में चुनिंदा स्थिानों पर बारिश भी होती रही। इसके चलते तापमान में गिरावट हुई और गर्मी से राहत बनी रही लेकिन पिछले दो दिन से तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा था। सोमवार की बात करें तो सुबह आसमान में घने बादल थे। इस दौरान बूंदाबांदी भी हुई। इसके बाद बादल छट गए और दिन भर तेज धूप खिली रही। इसके चलते पिछले दिन की तुलना में आज अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 40.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 0.7 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

मौसम विभाग के अनुसार इस समय पंजाब से द्रोणिका के रूप में पश्चिमी विक्षोभ गुजर रहा है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चक्रवातीय परिसंचरण मौजूद है। सौराष्ट्र से उत्तर-पूर्वी अरब सागर होते हुए पूर्वी मध्य अरब सागर तक एक द्रोणिका लाइन गुजर रही है। इन मौसम प्रणालियों की वजह से हवा में नमी बनी हुई है। ऐसे में अगले 24 घंटे के दौरान भी ग्वालियर एवं चंबल संभाग में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। बावजूद इसके तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है।

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top