Haryana

गुरुग्राम: शून्य प्लास्टिक प्रदूषण के संकल्प के साथ विश्व पर्यावरण सप्ताह में लगाए पौधे

गुरुग्राम में विश्व पर्यावरण सप्ताह के तहत पौधारोपण करते नगर निगम के संयुक्त आयुक्त सुमित कुमार व अन्य।

-नगर निगम गुरुग्राम, स्वेज इंडिया और नोबेल सिटीजन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्मृति वाटिका में किया गया पौधारोपण

गुरुग्राम, 30 मई (Udaipur Kiran) । विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के उपलक्ष्य में शून्य प्लास्टिक प्रदूषण के संकल्प के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में गुरुग्राम नगर निगम ने एक सशक्त पहल की। नगर निगम, स्वेज इंडिया और नोबेल सिटीजन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को स्मृति वाटिका सेक्टर-55 में आयोजित भव्य कार्यक्रम ने जागरुकता, नवाचार और सहभागिता का एक सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त सुमित कुमार, स्वेज इंडिया सीईओ रश्मि रंजन रे और निगम पार्षद सोनिया यादव ने शिरकत की। स्मृति वाटिका में हुए हरित परिवर्तनों की सराहना करते हुए नागरिक भागीदारी की भूमिका को रेखांकित किया। इस वर्ष का पर्यावरण सप्ताह थीम शून्य प्लास्टिक प्रदूषण के लिए सतत भविष्य रहा, जिसके अंतर्गत विविध गतिविधियां आयोजित हुई। इनमें सस्टेनेबिलिटी और शून्य प्लास्टिक विषय पर विचार गोष्ठी हुई जिसमें विशेषज्ञों ने प्लास्टिक प्रदूषण से निपटने के व्यावहारिक उपाय साझा किए। वक्ताओं में यूनिसेफ इंडिया से शुभ्रज्योति भौमिक, कार्तिक वर्मा, सस्टेनेबिलिटी विशेषज्ञ सौरभ सेन गुप्ता और असीम खान शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान सोलर लाइट्स एवं ओपन-एयर जिम का उद्घाटन स्वेज आरोग्यम उद्यान परियोजना की शुरुआत और पर्यावरणीय बदलावों की प्रदर्शनी और सामुदायिक भ्रमण आदि गतिविधियां आयोजित की गई। इस आयोजन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि हर नागरिक का छोटा प्रयास जैसे प्लास्टिक उपयोग में कटौती या सतत प्रथाओं को अपनाना एक प्लास्टिक-मुक्त और स्वस्थ पर्यावरण की दिशा में बड़ा परिवर्तन ला सकता है। गुरुग्राम ने यह पहल कर न केवल हरित बदलावों को अपनाया, बल्कि पूरे देश को सतत विकास की राह पर चलने की प्रेरणा भी दी है।

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top