Haryana

गुरुग्राम नगर निगम ने सुखराली तालाब से सफाई अभियान की करी शुरुआत 

फोटो नंबर-03: गुरुग्राम के सुखराली गांव के तालाब में सफाई अभियान के दौरान मौजूद स्वयंसेवक।

-वेटलैंड्स दिवस अभियान के तहत की जा रही है सफाई

गुरुग्राम, 28 जनवरी (Udaipur Kiran) । वेटलैंड्स दिवस अभियान के तहत नगर निगम गुरुग्राम की ओर से मंगलवार को सुखराली तालाब से सफाई अभियान की शुरुआत की गई है। 30 दिन तक यह सफाई अभियान चलेगा। इस 30 दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य हमारे बहुमूल्य जल निकायों को पुनर्जीवित करना और वेटलैंड्स के महत्व को समझाना है।

अतिरिक्त निगम आयुक्त डॉ. बलप्रीत सिंह और संयुक्त आयुक्त अखिलेश कुमार यादव ने अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यह पहल जल निकायों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दो फरवरी को हर साल विश्व वेटलैंड्स दिवस मनाया जाता है, जो वेटलैंड्स पर कन्वेंशन की वर्षगांठ के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष का विषय हमारे साझा भविष्य के लिए वेटलैंड्स की रक्षा करना है जो वेटलैंड्स के जैव विविधता के साथ-साथ हमारे समुदायों, उद्योगों और सांस्कृतिक विरासत में महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।

अभियान के दौरान स्वयंसेवकों के समर्पित समूह ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। इस पहल का नेतृत्व निवर्तमान पार्षद अनूप सिंह और सामाजिक कार्यकर्ता राखी शर्मा ने किया, जिन्होंने इन अमूल्य प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने की हमारी सामूहिक जिम्मेदारी को उजागर किया। नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिंदुस्तानी और सुरभि राठौर, हरा जीवन संस्था के सदस्य, सिटी सपोर्ट यूनिट टीम से डॉ. हेमलता सहल, आमिर खान और नगर निगम गुरुग्राम की स्वच्छता और बागवानी टीम ने सफाई अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। यह अभियान वेटलैंड के संरक्षण के लिए जन जागरुकता बढ़ाने में मदद करेगा और नगर निगम गुरुग्राम के प्रयासों को और भी मजबूती देगा।

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top