– पति की मृत्यु के बाद आरोपी से रिलेशनशिप में थी महिला
गुरुग्राम, 23 अप्रैल (Udaipur Kiran) । शहर में दो बच्चों की मां के प्रेमी ने महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस ने चार दिन में महिला के मर्डर की गुत्थी को सुलझा लिया है। बुधवार को मर्डर का खुलासा करते हुए पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने महिला की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान अभिषेक मिश्रा के रूप में हुई है। 20 अप्रैल को सेक्टर-83 स्थित एसएस ग्रुप के खाली प्लॉट में झाड़ियों के बीच महिला का शव खेड़की दौला पुलिस ने बरामद किया था। महिला का शव मिलने से आस-पास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। महिला के शव की पहचान नहीं हो पाई थी। 22 अप्रैल को एक व्यक्ति ने सेक्टर-29 थाना में अपनी बहन रूपाली के लापता होने की शिकायत दी। पुलिस ने उस व्यक्ति को सेक्टर-83 में मिले महिला के शव की फोटो दिखाई तो उसक व्यक्ति ने महिला की पहचान अपनी बहन के रूप में की। आरोपी अभिषेक मिश्रा से पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभिषेक मिश्रा के साथ रूपाली रिलेशनशिप में थी और उस पर शादी का दबाव बना रही थी। आरोपी ने अपना पीछा छुड़वाने के लिए महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी।
बता दें कि रूपाली दो बच्चों की मां थी। यहां एक क्लब में नौकरी करती थी। रूपाली के पति की मृत्यु हो चुकी थी। वह चक्करपुर में किराए के मकान में रहती थी। इसी बीच रूपाली का अभिषेक मिश्रा के साथ अवैध संबंध हो गए। वह अभिषेक पर शादी का दबाव बनाने लगी। प्रेमिका से पीछा छुड़वाने के लिए आरोपी अभिषेक 19 अप्रैल को उसे थाना खेड़की दौला क्षेत्र में ले गया और पत्थर से हमला करके हत्या कर दी।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि महिला के मर्डर की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। अपराध शाखा मानेसर के प्रभारी उप निरीक्षक ललित कुमार की टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को सीही से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अभिषेक दिल्ली के रजोकरी में रहता है। वह मूलरूप से बिहार का रहने वाला है।
(Udaipur Kiran)
