Haryana

गुरुग्राम: अब ग्लोबल इंडिया में बदल रहा है ग्रामीण इंडिया: डा. चंद्रशेखर सेम्मासानी

फोटो नंबर-03: गुरुग्राम के लेजरवैली मैदान में सरस मेले के उद्घाटन के बाद मेले में अपने उत्पाद लेकर पहुंची महिलाओं से बात करते केंद्रीय राज्य मंत्री डा. चंद्रशेखर पेम्मासानी।

-लखपति दीदी महिला सशक्तिकरण की दिशा में है ठोस कदम

-केंद्रीय राज्य मंत्री डा. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने सरस मेले में कही यह बात

गुरुग्राम, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डा. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहा कि ग्रामीण इंडिया अब धीरे-धीरे ग्लोबल इंडिया में तब्दील हो रहा है। गुरुग्राम की धरती पर आयोजित सरस मेले में भाग ले रही महिलाओं में गरीबी से बाहर आने की इच्छा शक्ति और उनकी सृजनात्मक ताकत स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रही है। यह बात उन्होंने बुधवार को यहां सेक्टर-29 स्थित लेजरवैली मैदान में सरस मेले के शुभारंभ अवसर पर कही।

उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक उन्नति में स्वयं सहायता समूह का सफलतापूर्वक संचालन कर रही लखपति दीदियों का अथक योगदान होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखपति दीदी की जो नई योजना देश को दी है, वह महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया ठोस कदम है। यह मेला प्रधानमंत्री के सपने को साकार करता हुआ प्रतीत हो रहा है, जो उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए देखा है। डा. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहा कि हमारे देश की महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी तो हमारे गांव भी आर्थिक व सामाजिक दृष्टिकोण से उन्नत होंगे। उन्होंने कहा कि इस मेले में स्वयं सहायता समूह के उत्पादों को एमेजोन, फ्लिपकार्ट जैसे डिजीटल प्लेटफार्म प्रदान करने, मार्केटिंग, डिजाइनिंग, पैकेजिंग, क्वालिटी इंप्रूव करने के लिए विशेषज्ञ बुलाए गए हैं। जिसके लिए नॉलेज व लर्निंग के दो स्पेशल एन्क्लेव बनाए गए हैं।

ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव शैलेश कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में आज 90 लाख स्वयं सहायता समूह हैं। इनसे दस करोड़ से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं। सरस मेले में भारत की कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने के लिए गुरुग्राम जिला प्रशासन, उपायुक्त निशांत कुमार यादव व पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्रालय के अपर सचिव चरणजीत सिंह, संयुक्त सचिव स्वाति शर्मा, स्मृति शरण, सिक्किम से आई लखपति दीदी सीता प्रधान व कश्मीर की अफसाना आयत ने भी अपने विचार रखे। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डा. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने सरस मेले की स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने यहां खरीदारी की और फूड कोर्ट में विभिन्न राज्यों के व्यंजनों का स्वाद चखा।

(Udaipur Kiran) हरियाणा

Most Popular

To Top