Haryana

गुरुग्राम: मानवता को शांति व भाईचारे का संदेश दे रहा है विश्व शांति केंद्र : नायब सिंह सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते हुए

-विश्व शांति केंद्र गुरुग्राम में मुख्यमंत्री सैनी ने की जैन आचार्य डॉ. लोकेश मुनि जी से भेंट

-कार्यक्रम में समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने का लिया संकल्प

गुरुग्राम, 15 मई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विश्व शांति केंद्र पूरी दुनिया को जोड़ने, मानवता को एक सूत्र में पिरोने और शांति व भाईचारे का वातावरण बनाने के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। जैन आचार्य डॉ. लोकेश मुनि द्वारा स्थापित यह विश्व शांति केंद्र उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को विश्व शांति केंद्र में पूज्य आचार्य डॉ. लोकेश मुनि जी के दर्शन करने उपरांत केंद्र के सभागार में शक्ति व शांति के संतुलन से राष्ट्र निर्माण संगोष्ठी कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि शांति के साथ प्रबल शक्ति भी भारत रखता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सकारात्मक सोच केवल आतंकवाद को समाप्त करने की थी, न कि युद्ध करने की। व्यवस्था पूर्ण तरीके से भारत ने कदम उठाए और आतंकवाद को मिट्टी में मिलाने का काम करते हुए आतंकवाद पर कुठाराघात किया है। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के साथ भारत को आगे बढाने में सरकार ने ठोस निर्णय लिए। देश हर क्षेत्र में आगे बढ़े, इसके लिए प्रधानमंत्री ने सराहनीय दूरगामी सोच को चरितार्थ किया। उन्होंने हाल ही में भारतीय सीमाओं पर हुए हमलों में शहीद हुए वीर जवानों की शहादत को सलाम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की नीति के साथ, समाज के हर वर्ग को एकजुट कर एक समरस समाज बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

समृद्ध भारत के लिए संस्था निभा रही अपनी जिम्मेदारी : डॉ. लोकेश मुनि

विश्व शांति दूत आचार्य डॉ. लोकेश मुनि ने अपने संदेश में कहा कि विश्व शांति केंद्र संचालित संस्था द्वारा समृद्ध भारत के लिए अपना सक्रिय योगदान देते हुए जिम्मेदारी निभाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हम शांति का संदेश देते हुए समाज को नई दिशा देने में सजग हैं। उन्होंने कहा कि जैन जीवन शैली आध्यात्मिकता का संदेश देती है। उन्होंने हाल ही में शहीद हुए वीर जवानों की शहादत पर श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवारों को 2-2 लाख रुपये की सहयोग राशि संस्था की ओर से देने की घोषणा की।

यह रहे मौजूद

इस अवसर पर गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, आरएसएस के प्रांत संघ संचालक डॉ.पवन जिंदल, ट्रस्टी डॉ. आलोक डरोलिया, संस्था के रमेश तिवारी, आचार्य मनीष, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, पार्षद प्रथम वशिष्ठ, सुमित अग्रवाल व प्रशासन की ओर से मंडल आयुक्त आरसी बिधान, डीसी अजय कुमार, सीपी विकास अरोड़ा, नगर निगम गुरुग्राम आयुक्त प्रदीप दहिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top