Haryana

गुरुग्राम: पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा को बर्बाद किया: सुरेंद्र राजपूत

फोटो नंबर-04: गुरुग्राम में पत्रकारों से बात करते कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत।

-कांग्रेस के खिलाफ बोलकर वे हमारे 1000 वोट बढ़ा देते हैं

-गुरुग्राम में पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कही यह बात

गुरुग्राम, 30 सितंबर (Udaipur Kiran) । कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव चल रहा है। इस चुनाव में हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर कांग्रेस के ब्रांड एम्बेसडर हैं। वे जिस सभा में कांग्रेस के खिलाफ बोलते हैं, वहां हमारे 1000 वोट बढ़ा देते हैं। यह बात उन्होंने सोमवार को यहां पत्रकार वार्ता में कही।

कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने पत्रकार वार्ता की शुरुआत हरियाणा में बढ़ते नशे से की। उन्होंने सभी से यह आग्रह किया कि हरियाणा की नस्ल और फसल को बचा लो। क्योंकि नस्ल तो नशीली वस्तु चिट्टे ने खराब कर दी है और फसलों पर सरकार की मार पड़ रही है। इसके लिए अब हम सबको जागृति लाकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि इस विषय पर रोज अभियान चलाए जाने चाहिए। इसके बाद राजनीतिक चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा को बर्बाद करने का काम किया है। किसानों को महंगाई ने मार दिया। बच्चों को नशे ने मार दिया। अब समय आ गया है रक्त रहित बदला लेने का। यानी वोट की चोट से भाजपा सरकार को अब हरियाणा की जनता चलता करेगी। उन्होंने किसानों को लेकर कहा कि बॉर्डर पर किसानों ने रास्ता नहीं रोक रखा। वे खुद वहां जाकर आए हैं। किसानों से मिलकर आए हैं। रास्ता तो सरकार ने रोक रखा है। किसानों की मांग को सरकार पूरा नहीं कर रही। किसान शांतिपूर्वक अपना आंदोलन कर रहे हैं। किसानों को पराली जलाने का शौक नहीं है। वे चाहते हैं कि पराली का कानून बदला जाए और पराली को खत्म करने के लिए सरकार कोई ठोस विकल्प लेकर आए। सभी किसानों पर दर्ज केस वापस लिए जाएं। उन्होंने कहा कि बीजेपी हर बात में झूठ बोलती है। जीना-खाना भाजपा ने महंगा कर दिया है। बीजेपी के खिलाफ 5 अक्टूबर को हरियाणा की जनता खुलकर वोट करेगी। इसके साथ ही कांग्रेस की सरकार बनेगी। बिना सीएम चेहरा चुनाव लडऩे के सवाल पर उन्होंने कहा कि सीएम चेहरे पर चुनाव लडऩा या बिना चेहरे के चुनाव लडऩे में कोई बुराई नहीं है। हर पार्टी की अपनी रणनीति होती है। भाजपा ने भी बिना चेहरे के कई राज्यों में चुनाव लड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में कांग्रेस की 55 से अधिक सीटें आएंगी। क्योंकि यह चुनाव जनता लड़ रही है। भाजपा द्वारा दामाद के नाम पर कांग्रेस को घेरने के सवाल पर सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि जो परिवार वाले नहीं हैं, वे दामाद की इज्जत, कीमत क्या समझेंगे। जो बहन-बेटी वाले होते हैं, वे ही दामाद की कीमत समझते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में हर कोई आगे बढऩे के लिए आया है। सभी वरिष्ठ नेता चाहते हैं वे मुख्यमंत्री बनें। ऐसी महत्वाकांक्षा रखने में कोई बुराई नहीं है। दावा सब कर सकते हैं।

(Udaipur Kiran) हरियाणा

Most Popular

To Top