

गुना, 5 जून (Udaipur Kiran) । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को दिन भर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा। इस दौरान जगह-जगह पौधारोपण किया गया तो उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। इसके साथ ही कार्यशाला, गोष्ठी आदि के माध्यम से भी पर्यावरण संरक्षण की बात कही गई।
सिंगवासा पर किया श्रमदान
-विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद् द्वारा सिंगवासा तालाब पर स्वच्छता हेतु श्रमदान किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम अंतर्गत संचालित समाज सेवा पाठ्यक्रम के विद्यार्थी, गुना विकासखंड में कार्य कर रही नवांकुर संस्था के प्रतिनधि और परामर्शदाता उपस्थित रहे। इस अवसर पर एक ट्रॉली कचरा इकठ्ठा किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक अमित गोयल द्वारा सभी को जल संरक्षण और सफाई हेतु शपथ दिलाई गई।
आभार सचिव मिथलेश सेंगर ने प्रकट किया।
– लोग पर्यावरण मित्र सम्मान से सम्मानित
– मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, माता जानकी मंदिर फुलवारी कॉलोनी में पर्यावरण मित्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलोनी के 43 लोगों को पर्यावरण मित्र सम्मान से सम्मानित किया गया। इन सभी ने अपने घर के बाहर पौधारोपण कर रखा है। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। माँ सरस्वती जी की वंदना सत्यप्रकाश माथुर एवं चन्द्रकांत गौड़ ने प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचाल संस्था के अध्यक्ष अनिरुद्ध सिंह सेंगर ने किया। आभार सचिव मिथलेश सेंगर ने प्रकट किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना त्रिपाठी ने कहा कि हम सबको प्लास्टिक का यूज बंद कर देना चाहिए। प्लास्टिक का यूज कम से कम हो। सब्जी लाने के लिए कपड़े का थैला सर्वोत्तम विकल्प है। विशेष अतिथि साहित्यकार एवं शिक्षाविद डॉ. सतीश चतुर्वेदी शाकुन्तल ने अपनी पर्यावरण संरक्षण पर विस्तृत जानकारी दी। ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष एसके राजौरिया ने अपने उदबोधन में पर्यावरण बचाने की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए घनश्याम श्रीवास्तव ने पर्यावरण संरक्षण की बात कही।
इनका हुआ सम्मान
पर्यावरण मित्र सम्मान से सम्मानित होने वालों में पंडित वेदप्रकाश शर्मा, रमेश गुर्जर, महावीर जैन, ब्रजराज सिंह चौहान, चन्द्रकांत गौड़, सत्य प्रकाश माथुर, रमेश कटियार , राकेश मीना, दीपचंद लोधी, अजब सिंह राजपूत, रानी जैन, गिर्राज लोधा, बनवारी लाल दीक्षित, विनोद शंकर नायक, अम्बिका प्रसाद श्रीवास्तव, राजबहादुर मीना, यादव चन्द्र शर्मा, नीरज दुबे, नरेंद्र डबीर, गणेश राम लोधा, रीतेश शर्मा , राहुल जैन , मनीष बुनकर , राम खिलावन मीना, राजेन्द्र कुमार मीना आदि प्रमुख हैं।
जीवन में एक पौधा अवश्य लगाएं : शर्मा
– मनुष्य को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर पेड़ बनने तक उसका संरक्षण करना चाहिए। यह बात शिक्षक संघ के संभागीय संगठन प्रमुख दिनेश शर्मा ने कही। शर्मा गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर शाकुंतलम् जन कल्याण समिति द्वारा पौधारोपण कार्यकम में बोल रहे थे। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती डॉ.नीरू शर्मा उपस्थित थीं।श्रीमती शर्मा ने अपने संबोधन में हमारे शास्त्रों में वर्णित वृक्षों का महत्व बताया। अध्यक्षता करते हुए साहित्यकार प्रदीप औदिच्य ने कहा कि पेड़ मनुष्य का सबसे पहला घर था।अगली पीढ़ी को यही विरासत में सौंपना है।समिति के पौधे लगाने के लक्ष्य तथा आगामी कार्यक्रम की जानकारी ब्रजेश शर्मा ने दी।इस अवसर पर धर्मेश भार्गव, अखिलेश मैथिल, सुभाष सेन, आशुतोष भार्गव, श्रीमती आराधना भार्गव, श्रीमती प्रीति गोयल, श्रीमती रजनी सेन मौजूद रहीं।
पौधारोपण कर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
– एक पेड़ माँ के नाम प्लास्टिक प्रदूषण का अंत अभियान के अंतर्गत जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के प्रधान कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता लाना एवं प्लास्टिक प्रदूषण जैसी गंभीर समस्या के विरुद्ध सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना भी था। इस दौरान बैंक प्रशासक एवं जिला कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे, उपायुक्त सहकारिता मुकेश जैन, बैंक के पैनल अधिवक्ता मुकेश मॉडल, सीईओ कमल मकाश्रे उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया । इस दौरान कलेक्टर द्वारा बैंक के समग्र परिसर का अवलोकन भी किया गया एवं उन्होंने परिसर के रखरखाव तथा साफ-सफाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
—————
(Udaipur Kiran) / अभिषेक शर्मा
