Sports

एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गुलवीर सिंह ने 10 हजार मीटर की दौड़ में जीता स्वर्ण

भारतीय धावक गुलवीर सिंह

नई दिल्ली, 27 मई (Udaipur Kiran) । एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारत को पहला स्वर्ण पदक मिल गया है। यह कारनामा किया देश के दिग्गज धावक गुलवीर सिंह ने, जिन्होंने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पर कब्जा जमाया।

गुलवीर ने 28:38.63 का समय निकालते हुए यह जीत हासिल की। शुरुआती दौर में वह पांच धावकों के अग्रिम समूह में बने रहे और आखिरी लैप में स्पीड बढ़ाते हुए बहरीन के अल्बर्ट किबिची रोप को पीछे छोड़ते हुए आरामदायक बढ़त के साथ फिनिश लाइन पार की। इस जीत के साथ गुलवीर सिंह एशियाई चैंपियनशिप के इतिहास में भारत को पुरुषों की 10,000 मीटर में तीसरा स्वर्ण दिलाने वाले एथलीट बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि हरि चंद (1975) और जी. लक्ष्मणन (2017) ने हासिल की थी।

गुलवीर के नाम पहले से ही इस स्पर्धा में 27:00.22 का राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज है। यह एशियाई चैंपियनशिप में उनका दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने 2023 में 5000 मीटर में कांस्य पदक जीता था। गुलवीर सिंह की यह ऐतिहासिक जीत भारत की एथलेटिक्स में बढ़ती साख का संकेत है। अब उम्मीदें उनके आगामी स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन पर टिकी हैं।

भारत के ही एक और धावक सावन बरवाल ने भी शानदार प्रदर्शन किया, हालांकि वह पदक से चूक गए। उन्होंने 28:50.53 के समय के साथ चौथा स्थान हासिल किया।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Most Popular

To Top