
मुंबई, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राज्य के मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद पहली बार नागपुर पहुंचने पर रविवार को देवेंद्र फडणवीस का भव्य स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने भी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें आशीर्वाद भी दिया। नागपुर एयरपोर्ट से धरमपेठ स्थित उनके आवास तक भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, जन प्रतिनिधियों ने जुलूस निकालकर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद देवेंद्र फडणवीस 12 दिसंबर को नागपुर जाने वाले थे लेकिन मंत्री समूह के विस्तार में व्यस्त होने की वजह से वे 12 को नागपुर नहीं पहुंच सके थे। आज जैसे ही मुख्यमंत्री फडणवीस नागपुर के बाबा साहब अंबेडकर एयरपोर्ट पर पहुंचे, सजे हुए ट्रक से ढोल, ताशे, नगाड़े, डीजे जैसे विभिन्न वाद्ययंत्रों की ध्वनि के बीच फडणवीस का जुलूस कार्यक्रम शुरू हुआ। इस बार ट्रक पर मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी अमृता फडणवीस भी साथ थीं। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने नागपुर में भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा को नमन किया। साथ ही एयरपोर्ट पर डॉ. हेडगेवार स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किये। नागपुर एयरपोर्ट से धरमपेठ तक जुलूस के स्वागत के लिए प्रत्येक चौक-चौराहों पर 60 से 62 मंच लगाये गये थे।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
