
मंदसौर 17 मई (Udaipur Kiran) । ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर शनिवार को जिला मुख्यालय मंदसौर पर राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा मंच के आह्वान पर भव्य तिरंगा यात्रा निकली गई। आयोजित तिरंगा यात्रा में मंदसौर शहर के सभी धर्मों के धर्म प्रमुख, सैनिक परिवार के सदस्यगण, व्यापारी गण, मीडिया बंधु, युवा गण मातृशक्ति, खिलाड़ी, समाजसेविक संस्थाओं के सदस्य गण सहित हजारों की संख्या में शहर वासियों ने सहभागिता की। रैली के प्रारंभ में महाराणा प्रताप बस स्टैंड स्थित मंच पर सभी धर्म के धर्म प्रमुखों का सम्मान राष्ट्रीय सुरक्षा नागरिक मंच के कार्यकतार्ओं द्वारा किया गया। फौज में देश की रक्षा कर रहे सैनिकों की धर्मपत्नियों को सिंदूर भेंट किया गया तत्पश्चात महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर तिरंगा कलर के गुब्बारे को आसमान में छोड़ रैली प्रारंभ हुई।
जैसा कि हम सभी को ज्ञात है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सेना ने पाकिस्तान में दाखिल होकर दुश्मनों को नेस्तानाबूत किया। भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और अदम्य साहस पर संपूण देश को गर्व है। अपने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए हर भारतीय अपना सर्वस्व बलिदान कर सकते हैं।ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से दुनिया के सामने हमारी सेनाओं ने साहस और शौर्य के प्रमाण दिए हैं। भारतवासियों ने एकजुट होकर विश्व को यह संदेश दिया कि दुश्मन कितना ही चालाक क्यों न हो हम अपनी एकता को अक्षुण रखेंगे। राष्ट्रीय एकता सर्वोपरि है, इसे यदि शत्रु हानि पहुंचाने की कोशिश करेगा तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
भव्य तिरंगा रैली में उपस्थित सर्व समाज के धर्म प्रमुखों,राजनीतिक दल के पदाधिकारीयो , व्यापारी गण, मीडिया परिवार के सदस्यों, युवा शक्ति, मातृशक्ति आदि ने भारत माता की आरती की।
—————
(Udaipur Kiran) / अशोक झलोया
