West Bengal

पश्चिम बंगाल में गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन, एकता और सांस्कृतिक विविधता की झलक

कोलकाता, 26 जनवरी (Udaipur Kiran) । पश्चिम बंगाल में 76वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिसमें राष्ट्र की एकता, विविधता और संवैधानिक मूल्यों पर जोर दिया गया। रेड रोड पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी मौजूद रहीं।

परेड में भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना, पश्चिम बंगाल पुलिस, कोलकाता पुलिस, रैपिड एक्शन फोर्स और डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप की टुकड़ियों ने भाग लिया। परेड में भारतीय सेना के अत्याधुनिक रोबोटिक खच्चर और नई पीढ़ी के वाहनों ने आकर्षण का केंद्र बना। इसके अलावा ‘पिनाका’ और ‘स्मर्च’ जैसे आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन भी किया गया।

परेड में विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दार्जिलिंग के कलाकारों का ‘कुकरी’ नृत्य, सुंदरबन के छात्रों की प्रस्तुतियां और बाउल कलाकारों का पारंपरिक संगीत शामिल रहा।

राजनीतिक दलों ने मनाया गणतंत्र दिवस

राज्य भर में राजनीतिक दलों ने झंडा फहराने, रैलियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से गणतंत्र दिवस मनाया। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने ट्वीट कर संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता और समानता के आदर्शों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आज, हमें एक ऐसे गणराज्य के निर्माण की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराना चाहिए, जो न केवल मजबूत हो बल्कि दयालु और समावेशी भी हो।

विपक्ष के नेता और भाजपा के वरिष्ठ विधायक शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मेदिनीपुर में तिरंगा फहराया और संविधान व राष्ट्रीय संप्रभुता को सम्मान देने का आह्वान किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने बालुरघाट में आयोजित कार्यक्रम में भारत की प्राचीन सभ्यता पर प्रकाश डाला और विष्णु पुराण का श्लोक पढ़ा।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने विधान भवन में झंडा फहराया और वर्तमान समय में संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के महत्व पर जोर दिया। राज्यभर में कांग्रेस कार्यालयों और उनके ट्रेड यूनियन शाखाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top