Uttar Pradesh

राज्यपाल कृषि विश्वविद्यालय के 347 छात्र-छात्राओं को बांटेंगी उपाधियां

बांदा, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । बांदा, कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय का दशम् दीक्षान्त समारोह 24 अक्टूबर को आयोजित होने जा रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगी। इस अवसर पर वह विश्वविद्यालय के 347 छात्र-छात्राओं को उपाधियाँ प्रदान करेंगी। इनमें स्नातक, परास्नातक और पीएचडी छात्र शामिल हैं, जिन्हें उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

कुलसचिव डॉ. एस. के. सिंह ने बताया कि इस वर्ष स्नातक स्तर पर कृषि, उद्यान, वानिकी और सामुदायिक विज्ञान के 259 छात्र-छात्राओं को उपाधि दी जाएगी। इसके साथ ही, परास्नातक स्तर पर कृषि, उद्यान और वानिकी महाविद्यालयों के 81 छात्र-छात्राओं को डिग्री प्रदान की जाएगी। वहीं, 7 विद्यार्थियों को डाक्टरेट की उपाधि दी जाएगी। दीक्षान्त समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के उद्यान महाविद्यालय के बहुउद्देशीय हॉल में किया जाएगा, जो कुलाधिपति के प्रोटोकॉल के अनुसार होगा।

बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय की स्थापना 2010 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा की गई थी और 2011 में पठन-पाठन की शुरुआत हुई थी। शुरूआत में केवल कृषि और उद्यान विषयों के दो स्नातक प्रोग्राम संचालित किए गए थे। परंतु अब विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर पर चार विभाग–कृषि, उद्यान, वानिकी और सामुदायिक विज्ञान तथा परास्नातक स्तर पर कृषि, उद्यान और वानिकी विषयों की पढ़ाई कराई जा रही है। साथ ही, कृषि और उद्यान विषयों में 10 विभागों के अंतर्गत पीएचडी प्रोग्राम भी संचालित हो रहे हैं।

दशम् दीक्षान्त समारोह विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसमें छात्रों की मेहनत और उनकी उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह

Most Popular

To Top