Assam

राज्यपाल ने बसु डिमा महोत्सव में लिया हिस्सा 

राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य द्वारा बसु डिमा महोत्सव में हिस्सा लेने की तस्वीर।
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य द्वारा बसु डिमा महोत्सव में हिस्सा लेने की तस्वीर।

हाफलोंग (असम), 13 फरवरी (Udaipur Kiran) । असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने अपने दो दिवसीय डिमा हासाओ दौरे के दौरान मंगलवार को माईबोंग डिग्री कॉलेज में आयोजित बसु डिमा महोत्सव में भाग लिया और सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि बसु डिमा महोत्सव केवल एक कृषि उत्सव नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह त्योहार सहयोग, परिश्रम और एकता जैसे मूल्यों को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि कृषि हमारे समाज का आधार है और यह न केवल जीविका का साधन है, बल्कि हमारी विरासत की नींव भी है। बीज बोने से लेकर फसल कटाई तक, हर प्रक्रिया ने विशिष्ट परंपराओं और उत्सवों को जन्म दिया है, जिनमें से एक है बसु डिमा महोत्सव।

राज्यपाल ने डिमासा समाज को इस महोत्सव के आयोजन के लिए सराहा और कहा कि इससे कृषि पद्धतियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि कृषि डिमा हासाओ, असम और पूरे भारत की आर्थिक समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस अवसर पर किसानों के योगदान को सम्मानित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

राज्यपाल ने कहा कि कृषि अब केवल पारंपरिक पेशा नहीं रह गया है, बल्कि नवाचार, आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक अनुसंधान के माध्यम से एक सशक्त और आत्मनिर्भर उद्योग बन चुका है। उन्होंने ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य में कृषि की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

इस अवसर पर राज्यपाल ने स्वतंत्रता सेनानी शंभुधन फोंगलो को श्रद्धांजलि अर्पित की और माईबोंग डिग्री कॉलेज के संस्थापक एवं प्रसिद्ध शिक्षाविद् स्वर्गीय भादेश्वर बोड़ो, जिन्हें बोड़ो सर के नाम से जाना जाता है, को भी याद किया। राज्यपाल ने भादेश्वर बोड़ो स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन भी किया।

बाद में, राज्यपाल ने एनसीएचएसी के प्रमुख अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें सीईएम देबोलाल गार्लोसा और अन्य कार्यकारी सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने पीएमएवाई-जी, जल जीवन मिशन, आयुष्मान कार्ड, अमृत सरोवर, टीबी मुक्त भारत अभियान आदि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों द्वारा जिले में अमृत सरोवर परियोजनाओं के सफल कार्यान्वयन की सराहना की।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top