HimachalPradesh

ड्रग फ्री मंडी अभियान की जंजैहली से शुरुआत, राज्यपाल ने दिखाई हरी झंडी

शिमला, 21 मई (Udaipur Kiran) । मण्डी जिले के जंजैहली क्षेत्र में ‘ड्रग फ्री मण्डी अभियान’ की शुरुआत बुधवार को बड़े उत्साह और जनभागीदारी के साथ हुई। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राजकीय केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय, जंजैहली से इस विशेष अभियान को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी उपस्थित रहे।

विद्यालय परिसर में जुटी बड़ी संख्या में जनसभा को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह उनका सराज क्षेत्र का पहला दौरा है और यहां की प्राकृतिक सुंदरता को बचाए रखना सभी का कर्तव्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से नशा उन्मूलन अभियान से जुड़ने की बात कही और बताया कि पूरे प्रदेश में नशा विरोधी मुहिम चलाई जा रही है।

राज्यपाल ने कहा कि नशे के खिलाफ इस आंदोलन में पंचायती राज संस्थाएं, महिला मंडल, मीडिया और खासतौर पर स्कूली छात्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कई परिवार समाज में बदनामी के डर से नशे की समस्या को छुपाते हैं, जिससे इसका समाधान और मुश्किल हो जाता है।

उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि किसी भी सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए पूरे समाज को एकजुट होकर आगे आना होगा। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि अब लोग इस मुहिम में भागीदारी कर रहे हैं और जागरूकता फैलाने में सक्रिय हैं।

राज्यपाल ने अभियान को समर्थन देने के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया और विधानसभा द्वारा सर्वसम्मति से नशा विरोधी कानून पारित करने के लिए सभी विधायकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिना जनभागीदारी के यह मुहिम सफल नहीं हो सकती, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ना चाहिए।

हिमाचल की सैन्य परंपरा का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह गौरव की बात है कि देश के पहले परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा हिमाचल के कांगड़ा से थे। उन्होंने चिंता जताई कि नशे की बढ़ती समस्या से देश को ऐसे वीर सपूत देना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत से सीधे युद्ध नहीं कर सकता, इसलिए नशे के माध्यम से समाज को कमजोर करने की साजिशें रच रहा है। उन्होंने इसके प्रति सामूहिक सतर्कता की आवश्यकता पर बल दिया।

राज्यपाल ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना करते हुए कहा कि इससे भारत की वैश्विक छवि और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। कार्यक्रम में बलवाड़ पंचायत की महिलाओं को विशेष अभियान में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं इटली में आयोजित पैरालंपिक में तीन रजत पदक जीतने वाली मंडी की राधा देवी को सम्मानित कर राज्यपाल ने अपनी ऐच्छिक निधि से ₹15,000 देने की घोषणा की।

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम नहीं बल्कि नशे के खिलाफ सतत आंदोलन है। उन्होंने महिलाओं की भूमिका को निर्णायक बताते हुए कहा कि यदि महिलाएं ठान लें तो नशा घर तक नहीं पहुंच सकता। उन्होंने युवाओं में सिंथेटिक नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और इसकी त्वरित कमाई के प्रति झुकाव को लेकर चिंता जताई और छात्रों से सख्त रुख अपनाने का आह्वान किया।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top