चंडीगढ़, 07 सितंबर (Udaipur Kiran) । राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा करेंगे। राज्यपाल पाकिस्तान की सीमा से सटे पंजाब के जिलों का दौरा करके वहां के लोगों की समस्याओं को जानेंगे। इससे पहले पूर्व राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने भी सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा करके वहां अपनी गतिविधियों को बढ़ाया था। जिसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान और तत्कालीन राज्यपाल पुरोहित के बीच विवाद शुरू हो गया था।
पंजाब के सरहदी क्षेत्रों में नशे व हथियारों की क्रॉस बॉर्डर स्मगलिंग सबसे बड़ी दिक्कत हैं। पूर्व राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने सरहदी क्षेत्रों का दौरा करने के बाद गांव स्तर पर सुरक्षा समितियों का गठन किया था। ये समितियां गांवों में बिकने वाले नशे, सरहद पार से आने वाले नशे और नशा तस्करों की जानकारियां पुलिस को देते थे। पूर्व राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने अपने कार्यकाल में 6 सरहदी दौरे किए थे।
पंजाब गवर्नर हाऊस की तरफ से शनिवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया 25 सितंबर से लेकर 29 सितंबर तक बॉर्डर एरिया का दौरा करेंगे। दौरे की शुरुआत फिरोजपुर से होगी और समापन पठानकोट में होगा। इसके बाद सरहदी इलाकों तक पहुंचने के बाद सारी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस संबंध में सीमावर्ती जिलों के उपायुक्तों व पुलिस अधीक्षकों को भी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
