HimachalPradesh

मंडी जिला के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे राज्यपाल करसोग के मां कामाक्षा मंदिर में माथा टेका

मंडी, 20 मई (Udaipur Kiran) । राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल मंगलवार देरशाम मंडी जिला के अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान करसोग के कामाक्षा मंदिर पहुंचे। उन्होंने यहां पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। करसोग का यह उनका पहला दौरा है। लेडी गवर्नर श्रीमती जानकी शुक्ला भी उनके साथ थीं।

राज्यपाल ने मूल माहूंनाग मंदिर, बखारी कोठी जाकर माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। वह मंदिर की दिव्यता और भव्यता को देखकर प्रभावित हुए। उन्होंने मंदिर के गुर से मंदिर के इतिहास की जानकारी प्राप्त की। राज्यपाल ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की।

इससे पूर्व, राज्यपाल ने तत्तापानी का दौरा किया और गर्म पानी के स्त्रोतों को देखा। उन्होंने यहां कार्यान्वित की जा रही पर्यटन गतिविधियों की जानकारी भी ली। तत्तापानी पहुंचने पर करसोग के विधायक दीप राज ने राज्यपाल का स्वागत किया। लेडी गवर्नर भी उनके साथ थीं।

राज्यपाल सराज में नशा मुक्त हिमाचल अभियान में करेंगे शिरकत

प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल बुधवार को सराज के जंजैहली पहुँच रहे हैं। जहां वे पूर्व मुख्यमंत्री एवं सराज के विधायक जयराम ठाकुर के साथ नशा मुक्त हिमाचल अभियान में भाग लेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर इस कार्यक्रम को लेकर तीन दिन से सराज में ही डेरा डाले हुए हूं। उन्होंने जगह जगह इस कार्यक्रम को लेकर लोगों के साथ बैठकें की। मंगलवार को उन्होंने कार्यक्रम स्थल जंजैहली में पहुंचकर कर पूरी तैयारियों का जायजा लिया। राज्यपाल पहली बार इस तरह के कार्यक्रम के लिए सराज पहुँच रहे हैं।

जंजैहली में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इस अभियान को अंजाम तक पहुंचाने के लिए हमारे कार्यकर्ता जुटे हुए हैं और आम जनता भी बढ़ चढ़कर इसकी सफलता के लिए आगे आ रही है। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा कर निर्देश दिये। खास तौर पर राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर उन्होंने सख्ती से स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए।

—————

(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा

Most Popular

To Top