
– मेहनत, लगन और सही तकनीक से बदली तकदीर, प्रगतिशीलता की मिसाल
मीरजापुर, 9 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । राजभवन लखनऊ में 6 से 9 फरवरी तक आयोजित प्रादेशिक पुष्प प्रदर्शनी में मीरजापुर की प्रगतिशील कृषक सरीस सिंह को ड्रैगन फ्रूट की खेती में विशिष्ट कार्य के लिए राज्यपाल ने सम्मानित किया है। यह सम्मान उनकी मेहनत और सफलता का प्रमाण है, जिसने मीरजापुर जिले का नाम प्रदेश में गौरवान्वित किया है।
राजगढ़ ब्लाक के बघौड़ा गांव निवासी सरीस सिंह ने अपने परिश्रम और नवीन कृषि तकनीकों के माध्यम से ड्रैगन फ्रूट की खेती में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। साथ ही वे विभिन्न प्रकार के अन्य फलों की भी खेती कर रही हैं और अच्छा लाभ अर्जित कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि ने क्षेत्र के अन्य किसानों को भी आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया है।
सरीस सिंह ने बताया कि यदि मन में कुछ नया करने का जज्बा हो तो खेती भी एक लाभकारी व्यवसाय बन सकती है। परंपरागत खेती से आगे बढ़कर उन्होंने ड्रैगन फ्रूट की खेती को अपनाया और आधुनिक वैज्ञानिक विधियों से इसे सफल बनाया। उनकी यह सफलता क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए एक प्रेरणा स्रोत बन गई है। जहां पहले किसान पारंपरिक फसलों तक सीमित थे, वहीं सरीस सिंह ने नवाचार और तकनीकी खेती को अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ाई। आज वे न केवल खुद आत्मनिर्भर हैं, बल्कि अन्य किसानों को भी नए फसलों की खेती के लिए जागरूक कर रही हैं। उनका मानना है कि खेती में नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से ही समृद्धि संभव है।
(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा
