HimachalPradesh

गणतंत्र दिवस पर शिमला में राज्यपाल ने फहराया तिरंगा

शिमला में गणतंत्र दिवस समारोह

शिमला, 26 जनवरी (Udaipur Kiran) । देश भर में 76वां गणतंत्र दिवस रविवार को पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित किया गया। यहां राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।

राज्यपाल ने 25 परेड टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया। परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी और स्काउट गाइड्स की टुकड़ियां शामिल थीं। उनके अनुशासन और जोश ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं 25 सरकारी विभागों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक झांकियां भी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। इन झांकियों ने हिमाचल प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और विकास की झलक प्रस्तुत की।

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के प्रति हमारी जिम्मेदारियों और देश की सेवा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता की याद दिलाता है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के विकास में जनता और सरकार के साझा प्रयासों की सराहना की।

समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान ने हमें लोकतांत्रिक अधिकार दिए हैं और यह दिन हमें अपने कर्तव्यों और दायित्वों की भी याद दिलाता है। हिमाचल प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए सरकार और जनता मिलकर काम कर रहे हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, महापौर सुरेंद्र चौहान और प्रदेश के अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने अपनी प्रस्तुतियों से समारोह को और जीवंत बना दिया। लोक नृत्य और गायन ने हिमाचली संस्कृति की छटा बिखेरी और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top