Uttar Pradesh

राज्यपाल ने एसजीपीजीआई लखनऊ को ‘ए प्लस प्लस‘ ग्रेड प्राप्त करने पर दी बधाई

एसजीपीजीआई के चिकित्सकों के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

लखनऊ, 3 जनवरी (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाध्यक्ष आनंदीबेन पटेल ने संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, लखनऊ को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) द्वारा 3.66 सी0जी0पी0ए0 (सात बिंदु स्केल पर) के साथ पहले प्रयास में ही ‘ए प्लस प्लस‘ ग्रेड से मान्यता प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। यह मान्यता 02 जनवरी, 2025 से आगामी 05 वर्षों तक के लिए मान्य है।

एस0जी0पी0जी0आई0, लखनऊ प्रदेश का पहला चिकित्सा संस्थान है, जिसे नैक में ‘ए प्लस प्लस‘ ग्रेड प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान में उच्च मानकों को दर्शाती है।

राज्यपाल ने कहा कि यह उपलब्धि एस0जी0पी0जी0आई0 के समर्पित नेतृत्व, उत्कृष्ट शिक्षण, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार की दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने संस्थान के शिक्षकों, शोधकर्ताओं, कर्मचारियों और छात्रों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह मान्यता न केवल संस्थान की प्रतिष्ठा को बढ़ाती है, बल्कि उत्तर प्रदेश के लिए भी गर्व का विषय है।

राज्यपाल ने एस0जी0पी0जी0आई0 से अपेक्षा की कि संस्थान इसी समर्पण और उत्कृष्टता के साथ भविष्य में भी कार्य करता रहेगा और स्वास्थ्य सेवाओं एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि संस्थान की यह उपलब्धि राज्य और देश के मेडिकल क्षेत्र में एक नई प्रेरणा का संचार करेगी।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 से अब तक राज्य के 08 राज्य विश्वविद्यालयों को ‘ए प्लस प्लस‘ ग्रेड, 04 राज्य विश्वविद्यालयों को ‘ए प्लस‘ ग्रेड तथा 01 राज्य विश्वविद्यालय को ‘ए‘ ग्रेड प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही प्रदेश के 06 राज्य विश्वविद्यालयों को पी0एम0 ऊषा योजना के अंर्तगत प्रत्येक विश्वविद्यालय को 100-100 करोड़ की ग्रांट प्राप्त हुई है।

प्रदेश में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यू0जी0सी0) द्वारा कुल 05 विश्वविद्यालयों को श्रेणी-1 की मान्यता प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त प्रदेश के 06 विश्वविद्यालयों ने क्यू0एस0 एशिया रैंकिंग एवं क्यू0एस0 साउथ एशिया रैंकिंग में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया है। नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एन0आई0आर0एफ0)-2024 के परिणामों में भी प्रदेश के 16 राज्य विश्वविद्यालयों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

विदित है कि ‘ए प्लस प्लस‘ ग्रेड प्राप्त करना राज्य के शैक्षणिक और स्वास्थ्य संस्थानों की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान के स्तर, बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवा की उत्कृष्टता को दर्शाता है। राज्यपाल ने इस अवसर पर सभी संबंधित व्यक्तियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यह सफलता सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और इस उत्कृष्टता को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।

—————

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top