देहरादून, 12 अप्रैल (Udaipur Kiran) । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को बैसाखी पर्व की शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि बैसाखी का पर्व उमंग, उत्साह और खुशहाली का प्रतीक है। यह पर्व समाज में सुख-समृद्धि, सौहार्द और एकता का संदेश देता है। बैसाखी देश की समृद्धशाली कृषि परंपरा, ग्रामीण जीवन और सांस्कृतिक मूल्यों का उत्सव है, जो किसानों की कठिन मेहनत और योगदान का सम्मान भी है।
राज्यपाल ने कहा कि यह पर्व सिख पंथ के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी दिन दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने खालसा पंथ की स्थापना की थी। उनका जीवन हमें त्याग, बलिदान और मानवता के प्रति अटूट समर्पण की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संदेश में कहा कि बैसाखी हर्ष और उल्लास के साथ उत्साह व भाईचारे का भी पर्व है। उन्होंने कहा कि नई फसल के कटने से जुड़ा यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परम्पराओं तथा किसान व कृषि संस्कृति का भी परिचायक है। यह लोक आस्था एवं समृद्धि का भी प्रतीक है। यह पावन पर्व प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शान्ति व समृद्धि लाए इसकी भी मुख्यमंत्री ने कामना की है।
(Udaipur Kiran) / Vinod Pokhriyal
