West Bengal

ईद-उल-अजहा पर पश्चिम बंगाल में उल्लास, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

कोलकाता, 07 जून (Udaipur Kiran) ।पश्चिम बंगाल में शनिवार को ईद-उल-अजहा का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सुबह विशेष नमाज अदा की, एक-दूसरे को गले लगाकर त्योहार की बधाई दी और विशेष पकवानों का आनंद लिया।

कोलकाता के मध्यवर्ती रेड रोड पर हजारों लोगों ने सामूहिक नमाज में भाग लिया। इसके अलावा नखोदा मस्जिद, बेलगछिया ब्रिज के आसपास और राज्य के अन्य हिस्सों में भी नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी और त्योहारी व्यंजनों का आदान-प्रदान किया।

इस मौके पर राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी लोगों को शुभकामनाएं दीं। राजभवन की ओर से ‘एक्स’ हैंडल पर जारी संदेश में लिखा गया—

माननीय राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस सभी को ईद-उल-अजहा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। सर्वशक्तिमान सभी को अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि का आशीर्वाद दें।

संदेश में आगे कहा गया—

यह पवित्र दिन आप सभी के जीवन में अनंत कृपा, शाश्वत शांति, दिव्य प्रेम और स्थायी समृद्धि लेकर आए। बकरीद मुबारक!

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा—

ईद मुबारक! इस पावन अवसर पर आप सभी को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।

राज्य भर में मुस्लिम समुदाय ने इस दिन को धार्मिक श्रद्धा और भाईचारे के साथ मनाया, जिससे त्योहार की गरिमा और सामाजिक एकता का संदेश भी स्पष्ट हुआ।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top