![राज्यपाल आचार्य देवव्रत राज्यपाल आचार्य देवव्रत](https://hs.sangraha.net/NBImages/3000/2025//01//25/2975a8a17b77356b78eb89ce1dd89d7d_781744787.jpeg)
-राज्यपाल ने देश की भव्य विरासत का गौरव और संरक्षण करने, राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए एकजुट होने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए सभी से संकल्पबद्ध होने का आह्वान किया
व्यारा, 25 जनवरी (Udaipur Kiran) । 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ‘एट होम’ कार्यक्रम के अंतर्गत तापी जिले के व्यारा में गणमान्य महानुभावों और नागरिकों से मुलाकात की और शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।
व्यारा के सयाजी ग्राउंड में आयोजित ‘एट होम स्नेहमिलन’ कार्यक्रम में राज्यपाल ने व्यारा सहित राज्य के नागरिकों को गणतंत्र पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित भारत बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारत ने सड़क नेटवर्क, स्वास्थ्य सुविधाओं में वृद्धि, शैक्षिक नवाचार, आधुनिक टेक्नोलॉजी, औद्योगिक क्रांति और रोजगार वृद्धि में नए मील के पत्थर स्थापित किए हैं। इतना ही नहीं, आज पूरा देश पूर्ण समर्पण भाव से शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण की एक नई चेतना का अनुभव कर रहा है।
उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी भव्य विरासत का गौरव और संरक्षण करने, राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए एकजुट होने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए संकल्पबद्ध हों। राज्यपाल ने कहा कि लोकतंत्र के कारण ही आज एक सामान्य व्यक्ति भी उच्च पद पर बैठ सकता है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लोकतंत्र की ताकत और खूबसूरती ही है कि राज्य के छोटे से शहर वडनगर के नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री पद पर और सामान्य आदिवासी परिवार की द्रौपदी मुर्मू देश के राष्ट्रपति पद पर आरूढ़ हुई हैं। इसलिए, हमारे देशवासियों को चाहिए कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखते हुए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का निर्माण करने के लिए आगे बढ़ें।
राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्र का नवनिर्माण सभी को समान न्याय और अधिकार तथा एकता और परिश्रम से होता है। यदि देश का प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का पालन करे, तो ‘विकसित भारत’ बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती। इस संदर्भ में उन्होंने कहा कि यदि हम एक और नेक बनकर कर्तव्यनिष्ठ रहेंगे, तो ‘विश्व गुरु’ के रूप में भारत के प्राचीन गौरव को पुनः स्थापित कर सकेंगे। आचार्य देवव्रत ने गणतंत्र पर्व के अवसर पर सभी नागरिकों से ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ के भाव के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के महान राष्ट्र का निर्माण करने के लिए संकल्पबद्ध होने का अनुरोध किया। इस अवसर पर पुलिस बैंड ने राष्ट्रगीत और देशभक्ति के गीतों की सुमधुर धुन बिखेरकर वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में वाद्यवृंद ने ‘ऐ वतन.. मेरे वतन’, ‘संदेशे आते हैं..’ और ‘ये देश है वीर जवानों का..’ जैसे देशभक्ति के गीतों से उपस्थित सभी नागरिकों को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम से पूर्व पुलिस बल ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर राज्यपाल को विशेष सम्मान दिया।
इस अवसर पर सांसद प्रभुभाई वसावा, जिला पंचायत अध्यक्ष जालमसिंह वसावा, विधायक मोहनभाई कोंकणी, मोहनभाई ढोडिया, डॉ. जयराजभाई गामित, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रितेष उपाध्याय, मुख्य सचिव राज कुमार, पुलिस महानिदेशक विकास सहाय, तापी जिला प्रभारी सचिव मिलिंद तोरवणे, प्रधान मुख्य सचिव (सामान्य प्रशासन विभाग) कमल दयाणी, सड़क एवं भवन विभाग के सचिव ए.के. शर्मा, राजभवन के प्रधान सचिव अशोक शर्मा, जिला कलेक्टर डॉ. विपीन गर्ग, जिला विकास अधिकारी वी. एन. शाह, रेंज आई.जी. प्रेमवीर सिंह, जिला पुलिस अधीक्षक राहुल पटेल, कई पदाधिकारी, अधिकारी, समाज श्रेष्ठी, सरपंच, पूर्व सैनिक, किसान, अग्रणी उद्योगपति, शिक्षाविद, स्वास्थ्यकर्मी, स्वैच्छिक संस्थाओं के प्रमुख, खाद्य उत्पादक संगठन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी, प्रबुद्ध एवं गणमान्य नागरिक तथा जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय
![](https://rajasthankiran.com/wp-content/uploads/2022/09/udaipurkiran-3.png)