Madhya Pradesh

कांजी हाउस बंद करेंगे, सरकार खोलेगी गौ-शालाएं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

कांजी हाउस बंद करेंगे, सरकार खोलेगी गौ-शालाएं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

– अमझेरा को तीर्थ नगरी के रूप में विकसित किया जाएगाः मुख्यमंत्री

भोपाल, 25 अगस्त (Udaipur Kiran) । राज्य सरकार गौ-पालकों को बढ़ावा देगी। दस गायों से ज्यादा लालन-पालन करने वाले गौ-पालकों को अनुदान दिया जाएगा। उनसे दूध ख़रीदा जायेगा। कांजी हाउस बंद करेंगे और सरकार गौ-शालाएं खोलेगी। गाय के दूध उत्पादन पर सरकार बोनस देगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को धार जिले के अमझेरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण पर्व आयोजन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि उज्जैन में महाकाल लोक की तरह अमझेरा को भी विकसित किया जाएगा। अमझेरा को तीर्थ नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा। जहां-जहां भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराम जी के पदचिह्न है उन्हें सरकार तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करेगी।

उन्होंने कहा कि उज्जैन के सांदीपनी आश्रम से शिक्षा, जानापाव में भगवान परशुराम से सुदर्शन चक्र प्राप्त कर, और अमझेरा में रुक्मणी वरण कर शौर्य का प्रदर्शन करने वाले भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य जीवन अनुकरणीय है। राज्य सरकार ने इन क्षेत्रों के विकास के विशेष कार्य करने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने निर्णय लिया है कि हर हर्षोल्लास के साथ आयोजित किए जाएंगे। समाज का हर वर्ग आनंद और उत्साह के साथ तीज-त्यौहार मनाएं। उन्होंने कहा कि अमझेरा की धरती शौर्य और वीरता की धरती है। यहां के राणा बख्तावर सिंह ने जो लड़ाई अंग्रेजों के खिलाफ लड़ी वह अद्वितीय है। यहाँ 28 लोगों ने अपना जीवन बलिदान करके हमारे मस्तक को गर्व से ऊंचा किया है। भगवान श्रीकृष्ण को याद करें। उनका पूरा जीवन हमारे लिए पाथेय हैं। भगवान श्रीकृष्ण को माखन चोर कहने वाले प्रसंग को मुख्यमंत्री ने विस्तार से बताते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की माता ने उनसे कहा था कि उनके लोगों के द्वारा बनाया गया माखन कंस के घर जाता है। बृजवासियों का माखन कंस के यहां नहीं जाए इसलिए वे माखन खा जाते थे और दोस्तों के साथ मटकी फोड़ देते थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मटकी फोड़ कार्यक्रम में भी भाग लिया। कार्यक्रम कों संत कमल किशोर नागर ने भी सम्बोधित किया। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने मांग कि की सरदारपुर और अमझेरा में खेल परिसर बनाया जाए। साथ ही यहां कृषि कॉलेज और इंदौर दाहोद रेलवे लाइन से अमझेरा को जोड़ा जाए।

(Udaipur Kiran) /ज्ञानेन्द्र

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top