Bihar

पर्यावरण संरक्षण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है सरकार : डॉ सुनील कुमार

संबोधित करते मंत्री

भागलपुर, 7 जून (Udaipur Kiran) । बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने भागलपुर के परिसदन में शनिवार को प्रेस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, वन नीति, जलवायु परिवर्तन और इनसे संबंधित राज्य सरकार की नीतियों और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौती से निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर ठोस पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि वन क्षेत्र के विस्तार के लिए नए वृक्षारोपण कार्यक्रम जल्द शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा जनभागीदारी के माध्यम से हरित बिहार अभियान को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे बिहार में 2004 में जो वन की स्थिति थी अब 2024 में 50% अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को संतुलन करने के लिए बिहार सरकार की ओर से हरियाली मिशन, जल जीवन हरियाली जैसे कई योजनाओं को चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की ओर से पर्यावरण दिवस पर एक गीत का विमोचन किया गया है, जिसमें बिहार के बाल्मीकि नगर, दुर्गापुरी, राजगीर, बौंसी मंदार पर्वत से लेकर कई क्षेत्रों का मनोरम दृश्य दिखाया गया है, जिसे देखकर आप अपने बिहार के पर्यावरण पर गर्व करेंगे। उन्होंने बौंसी के मंदार पर्वत पर रोपवे को जल्द प्रारंभ करने की बात कही। उन्होंने कहा कि 15 से 20 दिनों में फिर से रोपवे प्रारंभ कर दिया जाएगा, ताकि लोगों को आने-जाने में किसी तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि इस रोपवे की शुरुआत मैंने ही की थी। इस योजना को पारित करने में मेरा अहम योगदान था। मंत्री ने कहा कि बिहार में वन एवं पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता फैलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्कूली छात्रों और युवाओं को इस दिशा में जोड़ने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में पर्यावरण शिक्षा को और प्रभावी बनाने की योजना पर भी काम हो रहा है।

. सुनील कुमार ने बताया कि राज्य सरकार जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए एक व्यापक कार्य योजना पर कार्य कर रही है। इसमें वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों का पुनरुद्धार, जैव विविधता संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने जैसे कई महत्वपूर्ण पहलू शामिल हैं। इस दौरान भाजपा के भागलपुर जिला अध्यक्ष संतोष शाह के साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और पर्यावरण से जुड़े सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे

—————

(Udaipur Kiran) / बिजय शंकर

Most Popular

To Top