Delhi

पहाड़गंज के होटल में युवती की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली, 08 जून (Udaipur Kiran) । मध्य जिले के पहाड़गंज स्थित अरकाशन रोड पर एक होटल में रह रही युवती सारिका (29) की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस केे अनुसार रविवार सुबह 9:47 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें होटल स्टाफ ने सूचना दी कि एक जोड़ा होटल के कमरे में रातभर ठहरा था। सुबह जब सफाईकर्मी पहुंचे तो पाया कि महिला मृत अवस्था में बाथरूम में पड़ी थी। जबकि उसका पुरुष साथी गायब था।

जांच में सामने आया कि दोनों ने 07 जून को शाम 4:15 बजे होटल में चेक-इन किया था। होटल स्टाफ के अनुसार, शाम करीब 6 बजे दोनों ने पिज्जा और लस्सी ऑर्डर किया था। अगली सुबह पुरुष अकेले होटल से बाहर निकलता हुआ सीसीटीवी फुटेज में नजर आया।

घटना की जानकारी मिलते ही क्राइम टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित सचिन (31) को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह सारिका के साथ रिश्ते में था। लेकिन उसे उस पर किसी और के साथ संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ, जिसके बाद आरोपित ने पहले पीटा और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Most Popular

To Top