
सांसद संग विधायक ने किया यात्रा के साथ शुभारंभ
झांसी, 1 जनवरी (Udaipur Kiran) । आंग्ल नववर्ष-2025 में नए साल के पहले दिन ही झांसी महानगर को एक बड़ी सौगात दी है। अब लोगों को जाम के झाम से निजात मिल सकेगी। आगामी 50 वर्ष की यातयात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निर्मित ग्वालियर रोड स्थित सिद्धेश्वर मंदिर के पास ओवरब्रिज की दूसरी लाइन को बुधवार से जनता के लिए खोल दिया गया है। भाजपा सांसद अनुराग शर्मा और सदर विधायक रवि शर्मा ने पुल का शुभारंभ करते हुए सबसे पहले फॉर्च्यूनर में बैठकर पुल पर यात्रा की और इसी के साथ इसे आमजन के सुपुर्द कर दिया।
गौरतलब है कि 15 माह पहले ओवरब्रिज की एक लाइन शुरू की गई थी। झांसी के लोग इस ओवरब्रिज की लंबे अर्से से मांग कर रहे थे। पुल के बनने से लोगों का यातायात सुगम हो जाएगा। शासन ने दिसंबर 2021 में ग्वालियर रोड पर सिद्धेश्वर मंदिर से ग्वालियर रोड चौकी के आगे तक ओवरब्रिज बनाने की स्वीकृति दी थी। 991.91 मीटर लंबा ओवरब्रिज 102.73 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार हुआ है। सेतु निगम द्वारा मार्च 2022 में इसके निर्माण का काम शुरू किया था। सबसे पहले एक लाइन को कंप्लीट कर 2 अक्टूबर 2023 को चालू किया गया था।
वहीं, दूसरी लाइन मार्च 2024 तक तैयार होनी थी। मगर काम पूरा नहीं हो पाया और बीते रोज जाकर 31 दिसंबर को दूसरी लाइन का कार्य पूर्ण हो सका। आज सुबह करीब 11:30 बजे सांसद व विधायक ने पुल की दूसरी लाइन का शुभारंभ किया। लोहे का धनुषाकार ढांचा वाला यह बुंदेलखंड का पहला पुल है। अभी स्ट्रीट लाइट का काम बाकी है। साथ ही पुल के दोनों ओर जाली भी लगाई जानी है, ताकि लोग नीचे न देख सकें। 50 साल के यातायात को ध्यान में रखकर ये पुल बनाया गया है।
रिकॉर्ड टाइम में बना ओवरब्रिज
सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि ग्वालियर हाइवे से शहर को जोड़ने का यह मुख्य मार्ग है। इससे झांसी और आसपास के लोगों को फायदा होगा। ये ओवरब्रिज रिकॉर्ड टाइम में बनकर तैयार हुआ है। वहीं, विधायक रवि शर्मा ने कहा कि जब रेलवे क्रॉसिंग बंद होती थी तो पूरा शहर बंधक हो जाता था। ऐसे में झांसी की मांग को देखते हुए सरकार में ओवरब्रिज के प्रस्ताव को रखा गया। मुख्यमंत्री ने तुरंत स्वीकृति प्रदान की। यह कम समय में बनकर तैयार हो गया। इससे शहर के लोगों को काफी लाभ होने वाला है।
—————
(Udaipur Kiran) / महेश पटैरिया
