Uttar Pradesh

देश में कृषि के बाद लघु उद्योग दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यस्था : घनश्याम दास ओझा

देश में कृषि के बाद लघु उद्योग दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यस्था : घनश्याम दास ओझा

— 2027 तक विश्वगुरु के साथ पांच ट्रिलियन इकोनॉमी वाला देश बनेगा भारत

कानपुर, 28 जुलाई (Udaipur Kiran) । लघु उद्योग का देश की अर्थव्यवस्था में बहुत बड़ा योगदान है और कृषि के बाद दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। हम लोग सरकार को करोड़ों रुपये टैक्स देने के साथ देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहयोग दे रहे हैं। हमें विश्वास है कि 2027 तक भारत विश्वगुरु के साथ पांच ट्रिलियन इकोनॉमी वाला देश बन जाएगा। इसमें लघु उद्योग की अहम भूमिका रहेगी। चन्द्रयान की सफलता में आप लोगों ने देखा है कि उसमें लघु उद्योग से जुड़े 20 लोगों ने अपने उत्पादों की सेवाएं दी हैं। यह बातें रविवार को कानपुर पहुंचे लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम दास ओझा ने कही।

लघु उद्योग भारती कानपुर संभाग की वार्षिक सभा एवं उद्यमी महासम्मेलन रविवार को एक होटल में संपन्न हुआ। बतौर मुख्य अतिथि लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम दास ओझा ने कहा कि हम सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हमारी सरकार से अपेक्षाएं है, सरकार छोटों व्यापारियों की समस्याओं को सुलझाने का पूरा प्रयास कर रही है। नए बजट से लघु उद्योगों में आने वाली समस्याओं का निराकरण किया है। जहां उद्योग होता है वहां समस्या होती और उनका निराकरण भी निकलता है। एक समस्या समाप्त होती है तो दूसरी समस्या सामने आ जाती है। कभी कभी ऐसा भी होता है कि समस्या का निराकरण में चार से पांच वर्ष बीत जाता है। कभी ऐसा भी हुआ है कि सरकार कह देती है कि इसका निराकरण संभव नहीं है। देश में बदलाव आया है आने वाले समय में भारत वर्ष विश्व गुरु बनेगा।

पांचवें स्थान पर पहुंची देश की अर्थव्यवस्था

आगे कहा कि वर्ष 2014 के बाद जबसे मोदी सरकार बनी है उसके पहले देश अर्थव्यवस्था के मामले में 11 वें पायदान पर था, लेकिन वर्तमान में पांचवें स्थान पर देश की अर्थव्यवस्था पहुंच चुकी है। बहुत तेजी से अर्थव्यवस्था में बदलाव आ रहा है। अर्थशास्त्रियों का मानना है कि 2027 तक विश्व में देश की अर्थ व्यवस्था और आगे जाएगी। देश की सरकार ने अर्थव्यवस्था में सुधार लाने के लिए हजारों तकनीकी उपलब्ध कराई है। हमें उद्योग के साथ ही अपने साथ काम करने वाले लोगों को भी परिवार की तरह देखना पड़ेगा, यह हमारी जिम्मेदारी है। हमें अपने युवाओं को मौका देना चाहिए, वह हमसे अच्छा काम करेंगे। इसके साथ ही इस क्षेत्र में महिलाओं को भी आगे बढ़ाना होगा। कोरोना काल के बाद से प्रतिदिन देश आगे बढ़ रहा है और आने वाला समय युवा भारत का होगा।

नए बजट की दी गई जानकारी

कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स आशीष बंसल ने नए बजट में आए हुए इनकम टैक्स एवं जीएसटी से संबंधित नए प्रावधानों की जानकारी उपस्थित उद्यमियों से साझा की। इसी प्रकार कार्यक्रम में भारत की बढ़ती हुई जीडीपी के अनुसार एचडीएफसी म्युचुअल फंड एवं आइसीआइसीआइ म्युचुअल फंड से आए हुए अधिकारियों ने उद्यमियों को नए निवेश के लिए आकर्षक फंडों की जानकारी प्रदान की। कानपुर संभाग के अध्यक्ष अमन घई ने राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम दास ओझा के समक्ष लघु उद्योगों में आ रही समस्याओं से अवगत कराया। इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इन सभी समस्याओं के निवारण का आश्वासन दिया एवं पूरा भरोसा दिया कि लघु उद्योग भारती की केंद्रीय इकाई इसे पूरी प्रमुखता से सरकार के समक्ष रखकर जल्द से जल्द इसका निवारण करेगी।

कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती कानपुर संभाग, झांसी एवं कन्नौज के लगभग 225 उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन लाडली प्रसाद गुप्ता ने किया एवं धन्यवाद प्रस्ताव संदीप अरोरा ने दिया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मधुसूदन दादू, प्रदेश महामंत्री भरत, अलीगढ़ से गौरव मित्तल, कानपुर संभाग से महामंत्री संदीप अवस्थी, उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, विपिन खुल्लर, अनुराग मालवीय, सलिल गुप्ता, पुनीत गुप्ता, श्रवण अग्रवाल, अनुज गुप्ता आदि मौजूद रहें।

(Udaipur Kiran) / अजय सिंह / राजेश

Most Popular

To Top