RAJASTHAN

गायत्रीमय होगी छोटीकाशी,गूजेंगे देवमाता की महिमा

गायत्रीमय होगी छोटीकाशी,गूजेंगे देवमाता की महिमा

जयपुर, 3 जून (Udaipur Kiran) । गायत्री जयंती- गंगा दशहरा पर्व ज्येष्ठ शुक्ल दशमी पांच जून को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस मौके पर दो दिवसीय आयोजन होंगे। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में किरण पथ मानसरोवर स्थित वेदमाता गायत्री वेदना निवारण केन्द्र पर गायत्री जयंती, गंगा दशहरा और गायत्री परिवार के संस्थापक युगऋषि पं.श्रीराम शर्मा आचार्य का महाप्रयाण दिवस पर विभिन्न आयोजन होंगे।

केन्द्र के व्यवस्थापक आर डी गुप्ता ने बताया कि बुधवार को सुबह नौ से शाम पांच बजे तक सबकी सद्बुद्धि के लिए गायत्री महामंत्र का अखंड जाप किया जाएगा। शाम पांच से छह बजे तक राष्ट्र जागरण दीप महायज्ञ होगा। गुरुवार 5 जून को सुबह नौ बजे से नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ होगा। यज्ञ से पूर्व पर्व पूजन होगा। इस मौके पर दीक्षा, यज्ञोपवीत, पुंसवन सहित अन्य संस्कार भी कराए जाएंगे।

गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में चार जून को सुबह छह से शाम पांच बजे तक अखंड गायत्री महामंत्र जप अनुष्ठान किया जाएगा। शाम साढ़े पांच बजे आरती के बाद शाम 6 बजे दीपयज्ञ होगा। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के व्यवस्थापक सोहन लाल शर्मा ने बताया कि पांच जून को सुबह आठ बजे से गायत्री महायज्ञ होगा। इसके साथ दीक्षा, यज्ञोपवीत सहित अनेक संस्कार कराए जाएंगे। गायत्री शक्तिपीठ वाटिका, गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़ सहित प्रज्ञापीठ, चेतना केन्द्रों पर भी गायत्री जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी।

गायत्री परिवार प्रमुख डॉ. प्रणव पंड्या के अनुसार ज्येष्ठ शुक्ल दशमी को गायत्री और गंगा का धरती पर अवतरण हुआ था। इस दिन का इसलिए भी महत्व है, गंगा और गायत्री दोनों ही पवित्रता की प्रतीक हैं। मां गायत्री मनुष्य के अंतरंग की पवित्रता और मां गंगा बाहर की पवित्रता लाती हैं। गंगा दशहरा ये संदेश देता है कि हम सभी को अपने जीवन को बदलने और इसे पवित्र बनाने की कोशिश करना चाहिए। मां गायत्री के मंत्र गायत्री मंत्र की खासियत है कि यह एक वेद मंत्र है और यह हमेशा शाश्वत बना रहता है।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top