Assam

गौरव गोगोई को राजद्रोह के आरोपों पर जवाब देना चाहिए: भाजपा

भाजपा का ध्वज

– भाजपा का अल्टीमेटम: ‘एडवांटेज असम 2025’ के खिलाफ साजिश बंद करें गौरव गोगोई

गुवाहाटी, 06 मार्च (Udaipur Kiran) । असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ‘एडवांटेज असम 2025’ को लेकर भ्रामक प्रचार करने का प्रयास कर रहे हैं। जनता को गुमराह करने और इस बड़े निवेश सम्मेलन को बाधित करने में विफल रहने के बाद, अब कांग्रेस नेतृत्व हताशा और ईर्ष्या में साजिशों पर उतर आया है। भाजपा असम प्रदेश के प्रवक्ता सुभाष दत्ता ने एक जारी बयान में कहा कि लगभग पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर होने से कांग्रेस नेताओं में हताशा और जलन की भावना घर कर गई है।

दत्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को 2030 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में विभिन्न राज्यों में निवेश शिखर सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। एनडीए सरकार स्पष्ट नीति के तहत निवेश आकर्षित करने के लिए केंद्र और राज्य स्तर पर प्रयासरत है।

दत्ता ने कांग्रेस को संकीर्ण मानसिकता वाली पार्टी बताते हुए कहा कि इसी सोच के कारण असम पिछड़ा रह गया था। लेकिन, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में अब असम का युवा पीछे नहीं रहेगा। असम को देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल करने का लक्ष्य है।

गौरव गोगोई को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर आरोपों पर जवाब देना चाहिए : विधायक मानव डेका

लखीमपुर के विधायक मानव डेका ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर आरोपों पर चुप क्यों हैं? कई रिपोर्टों में उनके और उनकी पत्नी के राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से जुड़े होने के दावे किए गए हैं, लेकिन उन्होंने अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है।

डेका ने कहा कि गौरव गोगोई हर मुद्दे पर मुखर रहते हैं, लेकिन उनकी पत्नी एलिजाबेथ की पाकिस्तान यात्राओं और अली तौकीर जैसे भारत विरोधी तत्वों से कथित संबंधों पर वे चुप्पी साधे हुए हैं। उनकी चुप्पी उनकी जिम्मेदारी से बचने का प्रमाण है।

उन्होंने गौरव गोगोई द्वारा ‘एडवांटेज असम 2.0’ पर दिए गए बयान पर भी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सांसद ने एक वीडियो में भारत का विकृत नक्शा दिखाया था। क्या गौरव गोगोई कश्मीर को भारत का हिस्सा नहीं मानते? वह किसके इशारे पर कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं? या फिर यह उनकी पत्नी के प्रभाव में किया गया?

डेका ने कांग्रेस सांसद को चुनौती देते हुए कहा कि वे पहले अपने ऊपर लगे गंभीर आरोपों पर सफाई दें, न कि झूठा प्रचार करें।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top