RAJASTHAN

धौलपुर में चंबल नदी में हुआ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन

श्रद्वा : धौलपुर में चंबल नदी में हुआ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन

धौलपुर, 16 सितंबर (Udaipur Kiran) । मन में भगवान विनायक के प्रति श्रद्धा। होठों पर गणपति बप्पा मोरिया का जयघोष। आंखों में बप्पा के जाने की मायूसी और फिजा में उडती गुलाल की महक। सोमवार को शहर में यही नजारा चारों ओर दिखाई पडा। मौका था गणेश महोत्सव के समापन के बाद में गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन का। देर शाम तक बाजार में जुलूस तथा चंबल नदी तट पर श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही तथा गणेश प्रतिमाओं को पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ में चंबल नदी के पवित्र जल में विसर्जित किया गया।

सोमवार को शहर में आयोजित किए गए गणेश महोत्सव के बाद में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। शहर के पुराना खजाना, धूलकोट, इमली वाली गली, बजरिया, कायस्थपाडा, भामतीपुरा, पुराना शहर, घंटाघर रोड, उमा नगर, आरएसी लाईन, पुरानी सब्जी मण्डी, तलैया, स्टेशन रोड और शास्त्री नगर क्षेत्र में स्थापित किए गए पांडालों में से गणपति प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाया गया। गणेश प्रतिमाओं को वाहनों में बनाए गए मंचों तथा घोडे जुती बग्घियों में स्थापित किया था। प्रतिमाओं के विसर्जन की शोभा यात्रा में बैण्डबाजों की धुन पर श्रद्धालु नाचते और गाते हुए चल रहे थे। इस दौरान गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा। विसर्जन जुलूस में श्रद्धालु महिला और पुरुषों ने जमकर नृत्य भी किया। श्रद्धालुओं को एक दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी तथा विघ्नहर्ता भगवान गणपति को अगले बरस जल्दी आने का न्यौता भी दिया। शोभायात्राओं का कई स्थानों पर स्वागत किया गया तथा देर शाम गणपति प्रतिमाएं चंबल नदी ले जाई गईं। यहां पर पूरे विधि विधान के साथ में गणेश प्रतिमाओं को चंबल के जल में विसर्जित कर दिया। विसर्जन के बाद में श्रद्वालुओं ने गुलाल लगा कर एक दूसरे को बधाई दी।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रदीप

Most Popular

To Top