
उदयपुर, 12 जून (Udaipur Kiran) । अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास गुरुवार दोपहर दुर्घटनाग्रस्त विमान में उदयपुर के चार लोग सवार थे। इनमें नगर के मार्बल व्यवसायी संजीव मोदी के पुत्र व पुत्री और दो अन्य लोग भी इसी विमान में सवार थे। संजीव मोदी अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए है। घटना की जानकारी मिलने पर उदयपुर जिला कलेक्टर नमित मेहता संजीव मोदी के सहेली नगर स्थित उनके निवास पर पहुंचे और परिवारजनों से जानकारी ली।
गुरुवार को दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआई-171 दो मिनट बाद दोपहर 1:40 बजे विमान एयरपोर्ट की परिधि में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद विमान में आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस विमान में 242 यात्री सवार थे। इस विमान में उदयपुर के प्रमुख मार्बल व्यवसायी संजीव मोदी के
बेटे-बेटी शुभ माेदी और शगुन मोदी भी सवार हुए थे। दोनों बच्चे ने एमबीए की पढ़ाई पूरी कर पिता के कारोबार में सक्रिय
सहयाेग करते थे और दाेनाें लंदन घूमने के लिए रवाना हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही संजीव मोदी अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए। उदयपुर जिला कलेक्टर नमित मेहता स्वयं सहेली नगर स्थित उनके निवास पर पहुंचे और परिवारजनों से घटना की जानकारी ली। उदयपुर जिला कलेक्टर नमित मेहता ने बताया कि विमान में जिले के चार यात्री सवार थे। दो शहर से, एक मावली और एक वल्लभनगर क्षेत्र से हैं। इसके अलावा वल्लभनगर के मूल निवासी और वर्तमान में उदयपुर शहर के हिरणमगरी निवासी वरदीचंद मेनारिया भी विमान में सवार थे। वे एक माह पहले लंदन से लौटे थे और अब पुनः काम पर लौट रहे थे। उन्हें अहमदाबाद छोड़ने उनकी पत्नी और पुत्र दीपक साथ गए थे। वरदीचंद के साथ रोहिड़ा निवासी प्रकाश मेनारिया भी थे, जो लंदन में एक साथ कुकिंग का कार्य करते थे।
दुर्घटनाग्रस्त विमान में उदयपुर के चार लोगों के सवार होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों से पूरी जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के संपर्क में है और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया गया है।
भाजपा के सभी कार्यक्रम निरस्त
विमान हादसे की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान भारतीय जनता पार्टी ने अगले आदेश तक अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रम व सभाएं स्थगित करने की घोषणा की है। दरअसल, केन्द्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस सहित विभिन्न आयोजन प्रस्तावित थे, जिन्हें अब निरस्त कर दिया गया है। आगामी कार्यक्रमों की नई तिथियां शीघ्र घोषित की जाएंगी।
—————
(Udaipur Kiran) / सुनीता
