Haryana

कैथल: पराली जलाने वाले चार किसान गिरफ्तार, 43 की मंडी में एंट्री बैन

हरियाणा के चीफ सेक्रेटरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए डीसी व जिला के अन्य अधिकारियों की मीटिंग लेते हुए

नरेश भारद्वाज

कैथल, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्य सचिव

टीवीएसएन प्रसाद द्वारा पराली जलाने के मामले में रविवार को प्रदेश के सभी डीसी की मीटिंग के बाद कैथल का प्रशासन भी हरकत में आ गया है। चीफ सेक्रेटरी ने डीसी डॉ विवेक भारती को इस मामले में कड़ी कार्रवाई कर किसानों के खिलाफ एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं।

रविवार को पुलिस ने पराली जलाने के मामले में चार किसानों को गिरफ्तार किया है।

ढांड थाना प्रबंधक राजेंद्र ने बताया कि पहले पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ डीडीआर दर्ज की हुई थी। चार किसानों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जिनकी गिरफ्तारी की गई है। उन्हें नियम अनुसार थाना में ही बेल दे दी गई है।

पूंडरी थाना प्रबंधक इंस्पेक्टर बलबीर सिंह ने बताया कि उनके थाने में अब तक पराली जलाने को लेकर छह किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर्मियों को फील्ड में भेजा है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

डीएसपी वीरभान ने बताया कि सरकार के आदेश अनुसार उन्होंने संबंधित थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि जिन किसानों पर पराली जलाने के मामले दर्ज हुए हैं, उनकी आज ही गिरफ्तारी की जाए। इसके बाद किसानों की गिरफ्तारी की गई है।

कैथल में पराली जलाने के 123 मामले, 43 किसानों की मंडी में दो सीजन एंट्री बैन

डीसी डॉ. विवेक भारती ने कहा कि अब तक जिले में धान की फसल के अवशेष जलाने के 123 मामले सामने आए हैं। इनमें 40 फायर लोकेशन नहीं मिली, जबकि 63 में धान की फसल के अवशेष जलाए जाने की बात सही निकली है और उन पर 1 लाख 57 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा 11 एफआईआर दर्ज हुई है। उन्होंने कहा कि पराली जलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल मे लाई जा रही है। कैथल में पराली जलाने वाले 43 किसानों की मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर रेड एंट्री कर दी गई है।

इन किसानों की जमाबंदी में लाल निशान लगा दिए गए हैं। इस कारण अब ये किसान आगामी 2 सीजन तक अपनी फसल एमएसपी पर मंडियों में नहीं बेच पाएंगे। दो सीजन उनकी फसल ओपन मार्केट में ही बिकेगी।

कैथल का एयर क्वालिटी इंडेक्स भी 372 के पार पहुंच गया है। इसकी वजह से शहर की आबो-हवा भी बहुत खराब हो गई है। लोगों की आंखों में जलन हो रही है और उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / नरेश कुमार भारद्वाज

Most Popular

To Top