Haryana

रोहतक: पूर्व सीएम हुड्डा ने प्रदेश का नुकसान कर भाजपा की सरकार बनाने में दिया साथ : सुनेना चौटाला

फोटो कैप्शन 29आरटीके2 : इनेलो महिला प्रदेश प्रभारी सुनेना चौटाला पदाधिकारियों की बैठक लेते

इनेलो प्रदेश महिला प्रभारी बोली, प्रदेश में कानून व्यवस्था का निकला हुआ जनाजा

रोहतक, 29 मई (Udaipur Kiran) । इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश महिला प्रभारी सुनेना चौटाला ने कहा कि जजपा व कांग्रेस का प्रदेश में कोई जनाधार नहीं बचा है और ईडी के छापे के डर के मारे पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की जनता का नुकसान कर भाजपा की सरकार बनाने में साथ दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से हर वर्ग पूरी तरह से परेशान है और प्रत्येक व्यक्ति की जुबान पर यही बात है कि पूर्व सीएम हुड्डा ने ईडी के छापे की डर के कारण ही भाजपा की सरकार बनवाई है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है और इसी के चलते प्रदेश में कानून व्यवस्था का पूरी तरह से जनाजा निकल चुका है।

अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे है और प्रदेश की जनता भय के साय में जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष रहे नफे सिंह राठी की सरेआम गोलियां मारकर हत्या की गई, लेकिन मुख्य आरोपी आज भी खुलेआम घूम रहे है। इनेलो प्रदेश महिला प्रभारी सुनेना चौटाला गुरुवार को पार्टी कार्यालय में कार्यकत्र्ताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि इनेलो ही एक मात्र ऐसी पार्टी है जो लोगों की आवाज उठाती है और कार्यकत्र्ताओं को पूरा मान सम्मान दिया जा रहा है।

हाल में कांग्रेस के विधायक अशोक अरोडा के साथ भाजपा पार्षद प्रतिनिधियों के द्वारा मारपीट करने के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनेना चौटाला ने कहा कि यह घटना निंदनीय है। कांग्रेस विधायक के साथ हुई घटना में कांग्रेस के सीनियर नेताओं ने कोई स्टैंड नहीं लिया, अगर वह इनेलो में होते तो पार्टी जनआंदोलन खड़ा कर देती। साथ ही इनेलो प्रदेश प्रभारी सुनेना चौटाला ने कहा कि भाजपा का एक ही लक्ष्य है कि क्षेत्रीय दलों को खत्म कर सिर्फ अपनी मनमानी कर सके और आज इसी के तहत भाजपा जातिवाद व धर्म के नाम पर लोगों को बांटने में लगी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है और केन्द्र के दबाव में मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी कठपुतली की तरह काम कर रहे है, जबकि आज जनता सरकार से पूरी तरह से परेशान है। इस अवसर पर इनेलो महिला प्रदेश अध्यक्ष तनुजा कश्यप ने कहा पंजाब द्वारा हरियाणा के हिस्से का जब पानी रोका गया तो भाजपा व कांग्रेस ने कोई प्रयास नहीं किया, सिर्फ इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने पानी लाने के लिए पंजाब के रास्ते रोकने की बात कही, जिसके बाद पंजाब सरकार ने हरियाणा को उसके हिस्से का पूरा पानी दिया। उन्होंने कहा कि इनेलो के दबाव में ही पंजाब सरकार झुकी है।

इस अवसर पर पूर्व सांसद कैप्टन इन्द्र सिंह, पूर्व विधायक बलवंत मायना, एडवोकेट कृष्ण कौशिक, जिला अध्यक्ष शीला खरैटी, सुनीता नांदल, कमलेश सरपंच, राजो गिझी, सुनहरी प्रजापत, प्रेमलता, शवेता राठी, हिमांशी मलिक, सावित्री, कमला मलिक, सरोज चौधरी, संतोष, विनोद अहलावत एडवोकेट, सतीश नांदल रिठाल, वेद भराण, डीके हुड्डा, राकेश सहगल, जयहिसं शिमली, वीरेन्द्र नांदल, राजबीर वाल्मीकि, रामभगत लाकडा, दिलाबर रिटौली प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / अनिल

Most Popular

To Top