WORLD

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित

इस्लामाबाद, 31 मार्च (Udaipur Kiran) । भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। यह नामांकन मानवाधिकार और लोकतंत्र के लिए उनके संघर्ष को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

यह नामांकन नॉर्वे की राजनीतिक पार्टी सेंट्रम और एडवोकेसी ग्रुप पाकिस्तान वर्ल्ड अलायंस (पीडब्ल्यूए) के गठबंधन के तहत किया गया। पार्टी सेंट्रम ने सोशल मीडिया पर कहा, हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को पाकिस्तान में मानवाधिकार और लोकतंत्र के लिए उनके योगदान के चलते नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।

इससे पहले 2019 में भी इमरान खान को दक्षिण एशिया में शांति को बढ़ावा देने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था।

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। इस साल जनवरी में उन्हें भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग के एक मामले में 14 साल की सजा सुनाई गई। इसके अलावा, सरकारी उपहारों की बिक्री, गुप्त दस्तावेज लीक करने और अन्य मामलों में उन पर आरोप लगे हैं। हालांकि, कुछ मामलों में उनकी सजा निलंबित कर दी गई है।

इमरान खान का कहना है कि उनके खिलाफ लगे सभी आरोप राजनीति से प्रेरित हैं। अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव हारने के बाद उन्हें सत्ता से हटा दिया गया था।

उल्लेखनीय है कि नोबेल कमेटी को हर साल सैकड़ों नामांकन मिलते हैं और करीब 08 महीने की प्रक्रिया के बाद विजेता का ऐलान किया जाता है।

————–

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top