HimachalPradesh

पूर्व मंत्री रमेश धवाला ने भाजपा से बगावत कर बनाया नया राजनैतिक दल

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री रमेश धवाला।

धर्मशाला, 01 मार्च (Udaipur Kiran) । प्रदेश भाजपा में सबकुछ ठीक नही चल रहा है, अब यह सार्वजनिक होने लगा है। जी हां भाजपा के भीतर चल रही आपसी खींचतान के बीच शनिवार को कांगड़ा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रमेश धवाला ने समानांतर संगठन बना डाला है। भाजपा से नाराज चल रहे धवाला ने पार्टी के प्रति बगावत का झंडा उठाते हुए शनिवार शाम देहरा में पत्रकार वार्ता कर नई पार्टी ‘असली भाजपा’ बनाने की घोषणा की। चार बार के विधायक रमेश धवाला ने इस दौरान पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उनका कहना है कि कुछ नेता संगठन को हाईजैक कर रहे हैं जबकि समर्पित कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जा रहा है। धवाला ने कहा कि उन्होंने पार्टी के लिए वर्षों मेहनत की। लेकिन अब उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है।

गौरतलब है कि धवाला और उनके समर्थकों की नाराजगी का एक बड़ा कारण पूर्व निर्दलीय विधायक होशियार सिंह की भाजपा में एंट्री है। इसके अलावा कांग्रेस से भाजपा में शामिल किए गए पूर्व विधायकों को लेकर भी धवाला ने कई बार सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पार्टी ने स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर बाहरी नेताओं को तरजीह दी है। इससे संगठन कमजोर हुआ है।

धवाला ने अपनी नाराजगी को आगे बढ़ाते हुए हरिपुर और ढलियारा मंडल में समानांतर संगठन के अध्यक्ष और कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। उन्होंने संकेत दिए हैं कि वह जल्द ही अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी असंतुष्ट कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। समानांतर संगठन को और मजबूत करने की दिशा में कदम उठाएंगे।

इस घोषणा के बाद हिमाचल भाजपा में भारी उथल-पुथल मच गई है। कई पुराने कार्यकर्ता इस घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। धवाला की इस बगावत ने भाजपा के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। यदि समय रहते इस नाराजगी को दूर नहीं किया गया, तो यह मामला आगामी चुनावों में पार्टी के लिए बड़ा सिरदर्द बन सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा इस संकट से कैसे निपटती है और धवाला की रणनीति आगे क्या मोड़ लेती है।

(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया

Most Popular

To Top