Uttar Pradesh

हरियाली अमावस्या पर भगवान श्री राम की तपोभूमि चित्रकूट में उमड़ा आस्था का सैलाब

हरियाली अमावस्या पर भगवान श्री राम की तपोभूमि चित्रकूट में उमड़ा आस्था का सैलाब

चित्रकूट, 04 अगस्त (Udaipur Kiran) । विंध्य पर्वत श्रंखला के मध्य स्थित विश्व प्रसिद्ध पौराणिक तीर्थ चित्रकूट में रविवार को हरियाली अमावस्या के पावन पर्व पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच करीब 12 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मंदाकिनी नदी में आस्था की डुबकी लगाकर रामघाट स्थित भगवान ब्रह्मा द्वारा स्थापित सृष्टि के प्रथम शिवलिंग मत्तगजेंद नाथ का जलाभिषेक किया।इसके बाद मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए कामदगिरि पर्वत की पंचकोसी परिक्रमा लगाई।

वहीं श्रावण मास की अमावस्या पर डीएम शिवशरणप्पा जीएन और एसपी अरुण कुमार सिंह द्वारा मेला परिक्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा आदि के पुख्ता इंतजाम किया गया था।इसके अलावा जगह जगह पर लोगों द्वारा भंडारों का आयोजन कर देश भर से आये श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।

आदि तीर्थ के रूप में विख्यात भगवान श्री राम की तपोभूमि चित्रकूट में श्रावणी (हरियाली)अमावस्या के उपलक्ष्य पर देश भर से लाखो श्रद्धालुओ का सैलाब उमड़ पड़ा।पौराणिक तीर्थ स्थित पतित पावनी मंदाकिनी नदी में आस्था की डुबकी लगाने के लिए तड़के से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी में डुबकी लगाकर रामघाट स्थित सृष्टि के प्रथम शिवलिंग स्वामी मत्तगजेंद्र नाथ भगवान का जलाभिषेक किया।इसके बाद मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा लगाई। हरियाली अमावस्या के पावन पर्व पर चित्रकूट आए लाखो ने साधु संतों का आर्शीवाद लेकर पुण्य लाभ लिया।

कामदगिरि प्रमुख द्वार के महंत मदन गोपाल दास महाराज ने हरियाली अमावस्या के ऐतिहासिक पर्व की महिमा का बखान करते हुए बताया कि आज के दिन मंदाकिनी नदी में डुबकी लगाकर कामदगिरि की परिक्रमा लगाने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। बताया कि हरियाली अमावस्या में भगवान कामतानाथ के दर्शन पूजन करने से जीवन में खुशहाली आती है। अमावस्या के दिन धरती हरी भरी रहती है। किसान भगवान से देश की खुशहाली एवं कृषि में सम्पन्नता की कामना को लेकर कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा करते है। वहीं भरत मंदिर के महंत दिव्य जीवन दास महाराज ने बताया कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार अनादि काल से लोग बड़े भाव से मंदाकिनी में डुबकी लगाकर कामदगिरि की परिक्रमा लगाते हैं और अन्न दान करते हैं। जिससे उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। अमावस्या के उपलक्ष्य पर आज हजारों श्रद्धालुओं ने दंडवती(लेटलेट कर) परिक्रमा लगाई। जिसमें महिलाओं की भी संख्या खूब रही। यूपी – एमपी प्रशासन द्वारा दंडवती परिक्रमा लगाने वालो के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

इसके अलावा जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन,पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह,अपर जिलाधिकारी उमेश चंद्र निगम,अपर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी,सदर एसडीएम सौरभ यादव,सीओ सिटी राजकमल,तहसीलदार वाचिस्पति सिंह,नगर पालिका के ईओ लालजी यादव आदि मेला व्यवस्था को सुदृढ बनाने में जुटे रहे। मेला परिक्षेत्र को कई जोन और सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

(Udaipur Kiran) / रतन पटेल / बृजनंदन यादव

Most Popular

To Top