CRIME

भरी पंचायत में पहलवान की गोली मारकर हत्या करने वाले पांच गिरफ्तार

पुलिस की कस्टडी में हत्यारोपित

मथुरा, 24 अगस्त (Udaipur Kiran) । शेरगढ़ थाने के पैगांव में चल रही पंचायत के दौरान शुक्रवार दिन दहाड़े गोली मारकर की गयी अमोल पहलवान की हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार काे सेही के जंगल से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि पहलवान पर गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी पूर्व में ही घायल अवस्था में पुलिस अभिरक्षा में था। यह जानकारी एसपी सिटी डाॅ. अरविन्द कुमार सिंह ने दी।

ज्ञात रहे कि शेरगढ़ के पैगांव में स्पेशल ग्रांट की रकम को लेकर जनवरी 2022 में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी के चुनाव प्रस्तावक और पैगांव के प्रधान रामवीर की कोकिलावन में उस समय हत्या कर दी गयी थी, जब वह वहां दर्शन करने गया था। इस मामले में अमोल पहलवान सहित छह लोगों को नामजद किया गया था। तभी से दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही थी। कल पैगांव में पंचायत थी। जिसमें अगले माह होने वाले दंगल की तैयारियों को लेकर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में हुयी भिड़ंत के बाद पूर्व प्रधान रामवीर के पुत्र कृष्णा ने पिता के हत्यारे अमोल पहलवान पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। पहलवान की मौके पर मौत हो गयी।

इस घटना में आरोपी कृष्णा भी घायल हुआ था, जिसे जिला अस्पताल के बाद कंधे में गम्भीर चोट होने के कारण आगरा रेफर कर दिया गया था। यह पुलिस अभिरक्षा में है। इस घटना में पुलिस ने कृष्ण पुत्र स्व0 रामवीर सिंह, अरून पुत्र स्व0 रामवीर सिंह, सतवीर पुत्र भगवान सिंह, रामबाबू पण्डित पुत्र लक्ष्मन, भरतो पुत्र मनीराम निवासीगण ग्राम पैगांव थाना शेरगढ़ को दबिश के दौरान सेही के जंगल से गिरफ्तार किया है। जिसमें घायल कृष्णा को एसएन मेडीकल हॉस्पिटल आगरा से छुट्टी मिलने के बाद आज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कृष्णा के पास से बरामद हुयी 32 बोर की लाईसेंसी रिवॉल्वर और रामबाबू से दुनाली बंदूक व कारतूस बरामद किये हैं।

(Udaipur Kiran) /महेश

(Udaipur Kiran) / महेश कुमार / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top