Delhi

निवेश से मुनाफा के नाम पर ठगी करने वाले पांच आरोपित गिरफ्तार

साइबर ठगी में गिरफ्तार पांच आरोपितों की फोटो

नई दिल्ली, 19 मई (Udaipur Kiran) । उत्तर पूर्वी जिले की साइबर पुलिस ने सोमवार को निवेश से मुनाफा के नाम पर 32.3 लाख की ठगी में पांच जालसाजों को गिरफ्तार किया है। इन्हें उप्र के अलीगढ़, बस्ती, कानपुर व उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के अलावा दिल्ली में ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद दबोचा गया है। इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन के अलावा बैंक खातों से पांच करोड़ रुपये का मनी ट्रेल व अन्य डिजिटल सुबूत बरामद किए गए हैं। जांच में पता चला है कि आरोपित चीनी व कंबोडियाई रैकेट संचालकों के इशारे पर साइबर वारदातों को अंजाम देते थे।

उत्तर पूर्वी जिले के डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि पकड़े गये आरोपितों की पहचान अलीगढ़ निवासी सूरज चौधरी, प्रयागराज निवासी विक्की बोरा, कानपुर निवासी गिरीश पांडे व अविनाश कुमार और बस्ती निवासी मक्खन उर्फ अंकुर उर्फ निक को गिरफ्तार कर लिया। विक्की इस गिरोह का सरगना है। वह चीनी व कंबोडियाई संचालकों से सीधे जुड़ा हुआ था।

गिरीश पांडे ने आईआईटी रुढ़की से एथिकल हैकिंग व वाणिज्य में स्नातक किया हुआ है। यह शेल कंपनी बनाकर ठगी की रकम का धनशोधन करता था। सूरज कमीशन पर बैंक खाते उपलब्ध कराता था। इसके अलावा फर्जी कंपनी बनाने व धनशोधन में मदद करता था। वहीं, मक्खन भारत में मौजूद शेल कंपनियों के खातों और कंबोडियन हैंडलर के बीच मध्यस्थता का काम करता था।

सभी आरोपित मिलकर इन खातों में मौजूद ठगी की रकम को क्रिप्टोकरेंसी, हवाला व अन्य माध्यमों से कंबोडिया भेजते थे।

पुलिस के मुताबिक, 22 अप्रैल को करावल नगर निवासी आशीष भारद्वाज ने 32.3 लाख की ऑनलाइन जालसाजी की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपितों ने पीड़ित को निवेश में मोटा मुनाफा दिलाने के नाम पर झांसे में लिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के दौरान आरोपितों के बैंक खातों व सीडीआर की जानकारी खंगालनी शुरू की। इसके बाद तकनीकि टीम की मदद से आरोपितों के ठिकाने का पता लगाते हुए दिल्ली, यूपी के अलीगढ़, बस्ती व कानपुर और उत्तराखंड के उधमसिंह नगर में छापेमारी करके पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Most Popular

To Top