
चित्तौड़गढ़, 14 नवंबर (Udaipur Kiran) । जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र में बुधधार रात को नीमच मंडी से लौट रहे व्यवसाई की पिकअप वाहन को रुकवा कर बदमाशों ने फायरिंग की है। इसमें व्यवसायी के साथी के कूल्हे में गोली लगी। इस पर उसे तत्काल उदयपुर और वहां से भी अहमदाबाद रैफर किया है। फायरिंग लूट के उद्देश्य से की गई या रंजिश थी। यह पुलिस के जांच का विषय है। वहीं जिस युवक के गोली लगी उसके पिता ने एक व्यक्ति पर तीन-चार दिन पूर्वी धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार विजयपुर निवासी काव्यांश पुत्र संजय जैन ने पुलिस आने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया है कि वह बुधवार को पिकअप में माल लेकर बिक्री करने के लिए नीमच मंडी गया था। माल विक्रय करके वह अपने साथी चित्तौड़गढ़ निवासी पिनाक उर्फ कानू पुत्र संजय अग्रवाल तथा दिनेश चौधरी के साथ वापस लौट रहा था। रास्ते में विजयपुर से आगे अमरपुरा व पालछा के बीच एक बॉलरों गाड़ी तेज गति से आई। इन्होंने आड़े लगा कर उसके वाहन को रुकवा लिया। इसमें से चार नकाबपोश उतरे और फायरिंग कर दी। वाहन का गेट खुलवाने का प्रयास किया। इस पर प्रार्थी अपनी गाड़ी को मौके से भगा कर ले गए और विजयपुर पहुंच गए। यहां स्थानीय लोगों को सूचना दी गई। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद विजयपुर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए और थाना पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। घायल पिनाक अग्रवाल को उपचार के लिए चित्तौड़गढ़ जिला चिकित्सालय ले जाया गया।
मामले की जानकारी मिली तो चित्तौड़गढ़ ग्रामीण डिप्टी शिव प्रकाश टेलर भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। घायल और उसके साथियों से बात की है। इस संबंध में प्रार्थी काव्यांश जैन की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। इधर, पिनाक अग्रवाल के कूल्हे में गोली लगी, जिस पर उसे उदयपुर रेफर किया गया। यहां से भी उसे अहमदाबाद ले जाया गया है। इस मामले में पुलिस जांच में जुट गई है। वहीं दूसरी तरफ संजय अग्रवाल ने बताया कि तीन-चार दिन पूरी उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी।
—————
(Udaipur Kiran) / अखिल
