Uttrakhand

मनोरा में गैस सिलेंडर में आग लगने से भारी नुकसान, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

मनोरा में घर में लगी आग का नजारा।

नैनीताल, 27 मार्च (Udaipur Kiran) । नैनीताल के निकटवर्ती क्षेत्र मनोरा में गैस सिलेंडर में लगी आग ने एक घर को भारी क्षति पहुंचायी है। गुरुवार सुबह हुई इस घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची और आग पर काबू पाया। इस घटना से घर में रखा सामान और मकान बुरी तरह जल गया।

स्थानीय लोगों व संबंधितों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह बुजुर्ग महिला भागीरथी देवी अपने घर में गैस पर दूध उबाल रही थी। इसी दौरान सिलेंडर में अचानक आग भड़क उठी। भागीरथी देवी ने तत्काल पड़ोसियों को सूचित करने की कोशिश की, पर तब तक आग नियंत्रण से बाहर हो गयी। देखते ही देखते लपटें पूरे घर में फैल गयीं और सामान जलने लगा। आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गयी। टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मेहनत से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा सामान और मकान का बड़ा हिस्सा जलकर नष्ट हो चुका था। फायर ब्रिगेड की समय पर कार्रवाई से आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोका गया। नुकसान का आंकलन करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रारंभिक अनुमान है कि सिलेंडर में रिसाव या तकनीकी खराबी इसके पीछे हो सकती है।

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Most Popular

To Top