
सोनीपत, 29 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । सोनीपत के आदर्श नगर स्थित पाटिल नर्सिंग होम की एक महिला
डॉक्टर ने अपने नर्सिंग होम में कार्यरत महिला कर्मचारी पर 30 लाख रुपये के गबन का
आरोप लगाया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, महिला कर्मचारी ने ऑनलाइन पेमेंट
की रकम को नहीं लौटाया और गबन किया। मामले की जांच जारी है। सोनीपत के सेक्टर-27 थाना प्रभारी सवित ने बताया कि महिला
डॉक्टर की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अब पुलिस रिकॉर्ड
की विस्तृत जांच करेगी।
महिला डॉक्टर, डॉ. देव्यानी पाटिल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने
अपनी नर्सिंग होम में एक महिला कर्मचारी को निजी सहायक के तौर पर नियुक्त किया था।
पिछले आठ वर्षों से काम कर रही इस महिला कर्मचारी ने उनके विश्वास को हासिल कर लिया
था। इसी विश्वास के आधार पर डॉक्टर ने उसे रिसेप्शन पर लेन-देन का काम भी सौंप दिया
था। शुरुआत में महिला कर्मचारी द्वारा लेन-देन का सारा हिसाब-किताब ठीक दिया जाता था।
जुलाई 2023 से उसने मरीजों की ओपीडी पर्ची और पेमेंट एंट्री का काम संभाला। डॉ. पाटिल ने बताया कि
शुरुआत में उन्हें सब कुछ ठीक लगा, इसलिए उन्होंने एचडीएफसी अकाउंट में आने वाली ऑनलाइन
पेमेंट का मिलान करना बंद कर दिया। लेकिन, इसी बात का फायदा उठाते हुए कर्मचारी ने
नकद राशि को ऑनलाइन पेमेंट बताकर गबन करना शुरू कर दिया। जब डॉक्टर ने ऑनलाइन और नकद
पेमेंट की जांच की, तो 30 लाख रुपये से अधिक का गबन हुआ मिला।
—————
(Udaipur Kiran) परवाना
