Uttar Pradesh

दो इंजीनियरों की मौत के मामले में आरोपित महिला डॉक्टर ने कोर्ट में किया सरेंडर

आरोपित महिला डॉक्टर अनुष्का तिवारी की फ़ाइल फ़ोटो

कानपुर, 26 मई (Udaipur Kiran) । हेयर ट्रांसप्लांट के दाैरान हुई दो इंजीनियरों की मौत के मामले में आरोपित महिला डॉक्टर अनुष्का तिवारी ने पुलिस को चकमा देते हुए 18 दिन बाद न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस उसकी तलाश कानपुर ही नहीं बल्कि यूपी बिहार और राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में कर रही थी। कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

डॉ. अनुष्का तिवारी पर सबसे पहले पनकी पावर हाउस के इंजीनियर रहे विनीत दुबे की पत्नी ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि 13 मार्च को डॉ. अनुष्का ने विनीत का हेयर ट्रांसप्लांट किया था। इसके बाद 14 मार्च को उनकी मौत हो गई थी, जिसे लेकर रावतपुर थाना में डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसी दौरान फर्रुखाबाद के रहने वाले इंजीनियर मयंक कटियार की मौत का भी मामला सामने आया। 18 नवंबर 2024 को हेयर ट्रांसप्लांट के बाद 19 नवंबर को उसकी मौत हो गई थी।

मूलरूप से गोरखपुर के रहने वाले इंजीनियर विनीत ने सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखकर डॉक्टर अनुष्का तिवारी से हेयर ट्रांसप्लांट के लिए संपर्क किया था। इसी बीच उनकी पत्नी दोनों बच्चों के साथ गोंडा स्थित अपने मायके चली गई। विनीत ने हेयर ट्रांसप्लांट करने का फैसला लिया और डॉक्टर से संपर्क कर ट्रीटमेंट शुरू कराया लेकिन ट्रीटमेंट होने के 24 घंटे के अंदर ही उनके चेहरे पर सूजन आने लगी। इससे उनकी मौत हो गई। पुलिस में सुनवाई न होने के चलते उन्होंने सीएम पोर्टल पर शिकायत करी। आखिरकार 54 दिन बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

रिपोर्ट दर्ज होते ही डॉक्टर क्लीनिक बंद कर फरार हो गई, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही थी। इसी बीच 18 दिनों बाद उन्होंने सोमवार को सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया।

(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप

Most Popular

To Top