RAJASTHAN

करंट की चपेट में आने से महिला-बेटी और दामाद की मौत, एक अन्य बेटी गंभीर रूप से झुलसी

तार टूटने से उठा धुआं।

अजमेर, 4 जून (Udaipur Kiran) । केकड़ी उपखंड के सावर थाना क्षेत्र के बिसुन्दनी गांव में बुधवार सुबह मकान की तराई के दौरान करंट लगने से विधवा महिला, उसकी बेटी और दामाद की मौत हो गई। एक अन्य बेटी गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा सुबह करीब सात बजे उस वक्त हुआ जब गांव की प्रेमी देवी (60) के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। काम में मदद के लिए उनकी बेटी माया देवी (45) और दामाद कंवरलाल (50) निवासी कादेड़ा (केकड़ी) भी वहां मौजूद थे। इस दौरान मकान की छत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन से करंट फैल गया और प्रेमी देवी, माया देवी, कंवरलाल और दूसरी बेटी तारा देवी (22) उसकी चपेट में आ गए।

करंट लगने से चारों झुलस गए। ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें सावर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्रेमी देवी, माया देवी और कंवरलाल को मृत घोषित कर दिया। तारा देवी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है।

सूचना मिलने पर सावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि प्रेमी देवी के पति लादूराम की पहले ही मौत हो चुकी है। उनके पांच बेटियां हैं। हादसे से गांव में शोक की लहर है।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Most Popular

To Top