HEADLINES

सीमावर्ती लोगों का डर धीरे-धीरे हो रहा कम, लोग घरों की तरफ लौट रहे

जम्मू, 15 मई (Udaipur Kiran) । पिछले चार दिनों से जम्मू-कश्मीर के सीमांत क्षेत्रों में भारत और पाकिस्तान की गोलीबारी थमी हुई हैं, इसलिए यहां के लोगों का डर भी अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। कुछ लोग अपने घरों की तरफ वापस लौट गए हैं, लेकिन अभी भी ज्यादातर शिविरों और सुरक्षित स्थानों पर रह रहे लोगों को पाकिस्तान पर भरोसा नहीं है।

आसएस पुरा, सांबा, पुंछ, राजौरी के लोग अब अपने घरों को लौट गए हैं, लेकिन बुजुर्ग और बच्चे एहतियात के तौर पर अभी भी शिविरों में ही रह रहे हैं। औरतें और मर्द सीमावर्ती राजौरी, पुंछ, नौशरा सांबा आदि क्षेत्रों में अपने घरों में हुए नुकसान को ठीक करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि घरों को रहने लायक बनाया जा सके। इतना नुकसान पहुंचने के बाद भी सीमावर्ती के लोग भारत की जवाबी कार्रवाई से खुश हैं। सीमावर्ती जिलों आरएसपुरा, सांबा, अखनूर राजौरी आदि के लोग बुधवार को ही लौट गए थे, जबकि कुछ लोगों को आज अपने घरों की ओर प्रशासन ने रवाना किया है।

इसी बीच मंदिरों के शहर जम्मू में भी जनजीवन अब सामान्य हो गया है। लोग मंदिरों में जाकर अपनी और देश की सलामती के लिए प्रार्थनाएं करते नजर आ रहे हैं। बावे वाली माता, वैष्णों देवी माता मंदिर में भी रौनक लौट आई है। वैष्णों देवी माता मंदिर में अब भक्तों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। गुरूवार को सभी जोन में सरकारी व निजी स्कूल अपने निर्धारित समय के अनुसार खुल गए हैं। जिन क्षेत्रों में स्कूल अभी नहीं खोले गए हैं, उसका मुख्य कारण इन स्कूलों में शिविर स्थापित किया जाना है। इन शिविरों में अभी भी कुछ लोग रूके हुए हैं, जिस कारण फिलहाल इन स्कूलों को नहीं खोला गया है।

स्कूल शिक्षा विभाग ने जम्मू संभाग के पांच जिलों में आंशिक रूप से स्कूल खोलने का आदेश जारी कर दिया है। शेष जिलों में पहले से ही स्कूलों को खोला जा चुका है। स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश में जोन स्तर पर स्कूलों को खोलने का फैसला लिया गया है। अब पांच जिलों में सीमावर्ती इलाकों में फिलहाल स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। जम्मू जिले में अरनिया, बिश्नाह, आरएसपुरा, मीरां साहिब, सतवारी, मढ़, अखनूर ज्योड़ियां, खौड़ में स्कूल बंद हैं जबकि सांबा में सांबा, रामगढ़, घग्वाल में स्कूल बंद हैं। कठुआ में मरहीन, हीरानगर में स्कूल बंद हैं।

इसके अलावा राजौरी जिले में मंजाकोट, डूंगी, नौशहरा, दंदेसर, सुंदरबनी, राजौरी और बजराला में स्कूल बंद हैं। पुंछ जिले में मनकोट, मेंढर, बालाकोट, हरनी, नंगाली, मंडी, कुनिया, सथरा और पुंछ में आज भी स्कूल बंद हैं। इस बीच उपराज्यपाल मनोज सिंह, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, मंत्री, भाजपा नेता, प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करके हुए नुकसान का जायजा लेकर जल्द उचित मुआवजा देने की बात कर रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / बलवान सिंह

Most Popular

To Top