Chhattisgarh

धमतरी : धान फसल में कीट-प्रकोप, किसान परेशान

खेत में बीमारी से वचाव के लिए दवा का छिड़काव करता हुआ किसान।
खेत में बीमारी से प्रभावित खरीफ धान फसल।

धमतरी, 7 सितंबर (Udaipur Kiran) । खेतों में तैयार हो रही खरीफ धान फसल में कई प्रकारर की बीमारियां लगने लगी है। इससे किसान खासे परेशान हैं। फसल को बचाने किसान अपने खेतों पर कीटनाशक का छिड़काव कर रहे हैं। इसके बाद भी किसानों को राहत नहीं मिल पा रही है।

क्षेत्र के किसान धान फसल पर लगी बीमारियों से परेशान हैं। किसानों ने बताया कि इन दिनों ग्राम डाही सहित आसपास के गांव डांडेसरा, सेमरा सेनचुवा, बिजनापुरी, बोड़रा, कसही, हंकारा, अंगारा, खम्हरिया, जुनवानी, डोमा, गुजरा, बगदेही, भेण्डरवानी, चोरभट्ठी, भुसरेंगा, बगौद, कुर्रा , बगोली, पुरी, गोपालपुरी , सरसोंपुरी, कांशिपुरी, बिरेतरा, धौराभाठा, रावनगुडा, लिमतरा, परेवाडीह, देमार के खेतों में लगी धान फसल पर मौसम के उतार-चढ़ाव के कारण कई तरह की बीमारियां लग गई है।

कीट – प्रकोप से धान फसल बचाने किसान कीटनाशक का छिड़काव कर रहे हैं। दवा छिड़काव के बाद भी तनाछेदक और सफेद तितली सहित अनेकों प्रकार की बीमारियों की रोकथाम नहीं हो पा रहीं हैं। कृषक मित्र के अनुसार मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण बीमारियां पैदा हो रही है। ग्राम डाही के किसान चम्मन सोनवानी सेवक साहू, भगोली पटेल, ओंकार पटेल, ज्योतिष डाहरे, परस ठाकुर, धरम मरकाम, थानू साहू , खेमन मरकाम ने बताया कि वे कई बार कीटनाशक का छिड़काव कर चुके हैं। लेकिन धान फसल से बीमारियां नहीं जा रही है। इससे धान के पौधों का विकास थमने लगा है। किसान दिनेश कुमार साहू ने कहा कि फसल में हो रही बीमारी को देखते हुए कृषि विभाग को क्षेत्र का सर्वेक्षण करना चाहिए। चूहों के कारण भी फसल प्रभावित हो रही है। धान की तैयार फसल को काटने के कारण फसल सूखने लगी है।

खेतो में चूहों के फसल काटने से किसान चिंतित

मौसम खुल जाने के बाद अब धान के पौधों में तना छेदक तथा ब्लास्ट जैसे रोग के लिए कीटनाशक दवाई छिड़काव किसान कर चुके हैं, लेकिन चूहों का फसल काटना किसानों के लिए चिंता का विषय बन चुका है। गर्मी फसल में मात खाए किसानों को बरसात के फसल से काफी उम्मीद है परंतु चूहों के उत्पात से किसान परेशान है। जिले के कई विकासखंडों में इस प्रकार की शिकायत सामने आ रही है। तनाछेदक एवं ब्लास्ट से पौधों को बचाने के लिए आवश्यक कीटनाशक दवाइयां का उपयोग किया जा रहा है, लेकिन चूहों के फसल काटने से अभी भी चिंता बनी हुई है। गिरौद के किसान नारायण साहू, लुकेश साहू, देवेंद साहू, भोलाराम साहू ने बताया कि चूहों ने सभी किसानों को दुविधा में डाल दिया है। किसान देवेंद्र साहू ने बताया कि धान की फसल लगाने के बाद पहली बार चूहों का उत्पात हुआ है। कीटनाशक और चूहा नाशक दवा के बाद दवा के बाद प्रयोग के बावजूद भी चूहों का उत्पात कम होने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है। धान की बालियां कुछ ही दिनों में निकलने वाले है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top