
जींद, 15 मई (Udaipur Kiran) । भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक महेंद्र सिंह टिकैत की 14वीं पुण्यतिथि पर गुरूवार को शिव कॉलोनी स्थित किसान भवन में जल, जंगल, जमीन, पर्यावरण बचाओ संकल्प दिवस के रूप में मनाई गई। भाकियू नेताओं ने स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत को याद किया। भारतीय किसान यूनियन के युवा जिला अध्यक्ष बिंद्र नंबरदार, राजेंद्र पहलवान, प्रकाश राजपुरा भैण, जयवीर लोहान, रामफल बाबा, चंद्र बीबीपुर और जिला प्रेस प्रवक्ता रामराजी ढुल पोंकरीखेड़ी ने कहा कि टिकैत ने देश के किसानों को एक ही माला में पिरोकर संगठित किया था।
टिकैत ने राष्ट्रपति भवन से लेकर विदेशों तक की यात्रा साधारण चप्पलोंं में की थी। टिकैत डब्ल्यूटीओ का विरोध करने के लिए मई 1999 में देश के 700 किसानों के साथ यूरोप के 11 देशों में एक महीने की यात्रा पर हुक्के के साथ पहुंचे थे। रामराजी ढुल ने कहा कि महेंद्र सिंह टिकैत ने भारतीय किसान यूनियन को कभी भी कमजोर नही होने दिया। चाहे उनका खुद का रहन, सहन हो या संगठन को चलाने का तरीका कोई भी प्रलोभन महेंद्र सिंह टिकैत को खरीद नहीं सका। तत्कालीन वीपी सिंह सरकार में उप प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी देवी लाल ने टिकैत को राज्य सभा सदस्य बनाने की पेशकश की थी, मगर उन्होंने हंस कर टाल दिया।
—————
(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा
